आगरालीक्स(09th September 2021 Agra News)…आगरा में मकान की कुर्की होने के बाद सदमे से बुजुर्ग महिला की मौत. माथुर वैश्य महासभा के नेताओं ने कहा, बेटे ने जुर्म किया तो मां की संपत्ति क्यों कुर्क हो… पुलिस अधिकारी नहीं आए तो लगाएंगे जाम. नहीं करेंगे अंतिम संस्कार
बुधवार को मकान कुर्क, गुरुवार को सदमे में तोड़ा दम
आगरा पुलिस ने बुधवार को जयपुरिया गैंग के छह सदस्यों की संपत्ति कुर्क की थी। इनकी 6.16 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी। जयपुरिया गैंग नशीली दवाओं का कारोबार करता है। इस प्रक्रिया के तहत बल्केश्वर के आदर्श नगर निवासी संजीव गुप्ता के मकान को बुधवार को भी जब्त किया था। परिजनों का आरोप है कि कुर्की की कार्रवाई के दौरान पुलिस को बताया था कि संजीव गुप्ता के पिता स्व. राजेंद्र गुप्ता के नाम पर है। इस मकान में संजीव गुप्ता की मां प्रेमलता गुप्ता रहती हैं। उन्हीं का इस मकान पर हक है। आरोप है कि पुलिस ने उनकी एक न सुनी। इस मकान को जब्त कर लिया। इसके बाद प्रेमलता सदमे में आ गईं। सदमें में देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी पर परिजन आ गए।

अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के नेता पहुंचे
अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद गुप्ता समेत अन्य नेता पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर आरोप लगाए। कहा कि बेटे ने जुर्म किया तो मां की संपत्ति क्यों कुर्क हो. बेटे की गलती की सजा माता—पिता को क्यों मिले। उन्होंने मौके पर पुलिस अफसरों को बुलाने की मांग की। कहा कि अगर पुलिस अधिकारी नहीं आए तो अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। सड़क पर जाम लगा दिया जाएगा, इसकी जिम्मेदारी पुलिस की ही होगी।