आगरालीक्स….(20 June 2021 Agra News) ताजमहल देखने जा रहे हैं तो टाइम का रखें ध्यान. बदल चुका है इसका टाइम. नहीं तो भीषण गर्मी में करना पड़ सकता है इंतजार
16 जून से खुल चुके हैं सभी स्मारक
16 जून से ताजमहल, आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, बेबी ताज सहित सभी एएसआई स्मारक पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं. पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने ताजमहल का दीदार किया लेकिन दो दिन ताजमहल खुलने के बाद फिर से तीन दिन के लिए ताजमहल को बंद कर दिया गया. इसका कारण एक दिन शुक्रवार को ताजमहल की बंदी रहती है तो वहीं दो दिन यानी शनिवार और रविवार को प्रदेश में साप्ताहिक बंदी लागू है जिसके कारण ताजमहल को तीन दिन के लिए बंद किया गया था, लेकिन कल यानी सोमवार से ताजमहल फिर से पर्यटकों के लिए खुल जाएगा. इसके साथ ही शहर की अन्य सभी स्मारकों को भी पर्यटक देख सकेंगे.
ताजमहल खुलने का टाइम बदला
ताजमहल को खोलने का टाइम सूर्योदय के साथ ही शुरू हो जाता है जो कि शाम तक सूर्यास्त तक रहता है. 16 जून को पहले दिन ताजमहल सूर्योदय के साथ ही खोला गया जिसके कारण यहां मौजूद पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार अलसुबह किया लेकिन इसके अगले दिन यानी 17 जून को पर्यटकों को ताजमहल खुलने के लिए कम से कम डेढ़ घंटे तक का इंतजार करना पड़ा. दरअसल एक दिन बाद ही ताजमहल को कोविड को लेकर जारी नियमों के अनुसार सुबह सात बजे खोला गया, जबकि सूर्योदय सुबह साढ़े पांच बजे ही हो जाता है. अगर आप कल से ताजमहल देखने का प्लान बना रहे हैं तो टाइम का विशेष् ध्यान दें नहीं तो इस समय पड़ रही भीषण गर्मी के कारण आपको इंतजार करना पड़ सकता है.
अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
इधर ताजमहल की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने साप्ताहिक बंदी के दौरान सुरक्षा का जायजा लिया है. आगरा के पुलिस के बड़े अधिकारियों ने ताजमहल का दौरा कर यहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा है. इस दौरान उन्होंने कोविड को लेकर जारी नियमों का पूरी तरह से पालन करने के निर्देश भी दिए हैं.