आगरालीक्स… स्मार्ट सिटी से पहले आगरा इंटरनेशनल सिटी बन जाएगा, यहां छह महीने बाद यानी मार्च से इंटरनेशनल एयरपोर्ट विकसित हो जाएगा और हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
शनिवार को लखनऊ में मुख्य सचिव दीपक सिंघल ने रक्षा मंत्रालय केर् अधिकारियों के साथ बैठक की, एक घंटे चली बैठक के बाद एयरपोर्ट के मामले पर निर्णय ले लिया गया और आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट मार्च 2017 में शुरू करने का एलान कर दिया।
22 महीने में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे, छह महीने में एयरपोर्ट
प्रदेश सरकार ने 22 महीने के रिकार्ड समय में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे को पूरा कर रही है और अब आगरा के इंटरनेशनल एयरपोर्ट को छह महीने में पूरा किया जाएगा। लखनऊ में रक्षा मंत्रालय के जनरल आफिसर कमांडिंग मेजर जनरल विनोद शर्मा, एयर वाइस मार्शल सेंट्रल एयर कमांड राजेश इस्सर, रक्षा मंत्रालय संयुक्त सचिव मनीष ठाकुर के साथ हुई बैठक में मुख्य सचिव दीपक सिंघल ने बताया कि अक्तूबर में धनौली में सिविल एंक्लेव और रनवे का काम शुरू हो जाएगा, जिसे मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। 110 करोड़ रुपये से रनवे की लंबाई बढ़ाकर इसे बड़े विमानों की लैंडिंग के लायक बनाया जाएगा। रनवे विस्तार के लिए प्रदेश सरकार धनराशि खर्च करेगी और विस्तार भी प्रदेश सरकार ही कराएगी। सैफई में प्रदेश सरकार कारगो टर्मिनल विकसित करेगी। इस एलान के बाद आगरा के पर्यटन उद्योग, कारोबारियों सहित आम लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री ने की पहल
लखनऊ की इस अहम बैठक के बाद रक्षा मंत्रालय अधिकारियों के साथ डीएम आगरा गौरव दयाल, कमिश्नर वाराणसी नितिन रमेश गोकर्ण ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर मीटिंग में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री की पहल से एयरपोर्ट सहित कई मामलों की बाधाएं दूर होने पर रक्षा मंत्रालय अफसरों ने सीएम का आभार जताया और उनके सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रशासनिक तत्परता से एक घंटे में ही पुराने मामले निपटा दिए गए।
Leave a comment