
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बल्केश्वर आगरा में गुरुवार को फोर्थ सेमेस्टर इलेक्ट्रोनिक, मैकेनिकल के छात्रों की प्रायोगिक परीक्षा थी, इसमें करीब दो हजार छात्र शामिल हुए। व्हाटसएप पर वायरल हुए चार मिनट के वीडियो में छात्रों को एक दूसरे की कॉपी और किताबों में से सामूहिक नकल करते हुए दिखाया गया है। छात्र क्लासरूम के बाहर जमीन पर बैठकर नकल कर रहे हैं, बेखौफ होकर छात्र एक दूसरे की कॉपी लेकर परीक्षा कक्ष में घूम रहे हैं, परीक्षक दिखाई नहीं दे रहे हैं, कुछ शिक्षक इधर उधर जा रहे हैं, लेकिन वे सख्ती करते दिखाई नहीं दे रहे हैं।
आईटीआई बल्केश्वर में 22 जुलाई से प्रायोगिक परीक्षा चल रही है और शुक्रवार को अंतिम परीक्षा थी, परीक्षा में सामूहिक नकल कराई गई, इसके लिए छात्रों से अवैध वसूली भी की गई है। इससे पहले भी आईटीआई में नकल कराने के आरोप लगते रहे हैं। आगरा में दो आईटीआई हैं, छात्रों के लिए बल्केश्वर और दूसरा आईटीआई सदर में छात्राओं के लिए है।
यूपी बोर्ड और विवि की परीक्षा में हुई सामूहिक नकल
आगरा में यूपी बोर्ड और डॉ भीमराव अंबेडकर विवि की परीक्षा में भी सामूहिक नकल के मामले सामने आए थे। यहां तक कि अंबेडकर विवि के मूल्यांकन कराए आए अंग्रेजी के शिक्षक इवेल्युएशन की सही स्पेलिंग तक नहीं लिख सके थे। यह मामला राज्यपाल तक पहुंचा, लेकिन इस मामले में आगे कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह सामूहिक नकल के मामलों में भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे कॉलेजों में नकल कराने के लिए अवैध वसूली हो रही है।
Leave a comment