आगरालीक्स… आगरा में जनकपुरी का आयोजन विजय नगर कॉलोनी में होगा, आयोजन समिति का गठन होने के साथ ही विवाद भी होने लगा है, जनकपुरी आयोजन में कमला नगर के कारोबारियों और जन प्रतिनिधियों के हस्तक्षेप का विरोध शुरू हो गया है।
आगरा में राम बरात और जनकपुरी आयोजन होता है, जनकपुरी के लिए एक क्षेत्र को चुना जाता है। यहां विकास कार्य कराए जाते हैं, साथ ही भव्य जनक महल बनाने के लिए स्थानीय लोग भी चंदा करते हैं। इस बार जनकपुरी का आयोजन विजय नगर कॉलोनी में होने जा रहा है। इसके लिए शुक्रवार को पुरुषोत्तम ग्रीन्स में बैठक हुई, मेयर नवीन जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनकपुरी आयोजन के लिए समीर चतुर्वेदी को आयोजन समिति का अध्यक्ष, पार्षद नेहा और संजय अग्रवाल को महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों को चुना गया।
सोशल मीडिया पर विवाद
बैठक के फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड होने के साथ ही कमेंट आने लगे हैं। हर साल की तरह इस बार भी आयोजन समिति के पदाधिकारियों पर सवाल उठने लगे हैं। कमेंट में लिखा गया है कि आयोजन विजय नगर कॉलोनी में होना है तो कमला नगर के लोगों का हस्तक्षेप क्यों हो रहा है।