यूपीलीक्स…झांसी में 48 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान. प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा झांसी. आगरा तीसरे नंबर पर सबसे गर्म शहर
प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. गर्मी के कारण लोग परेशान हैं. शुक्रवार को तो झांसी में गर्मी रिकॉर्डतोड़ पड़ी. यहां दस साल का रिकॉर्ड आज टूट गया. शुक्रवार को झांसी का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान भी 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा. प्रयागराज दूसरे नंबर पर सबसे गर्म शहर रहा. यहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं तीसरे नंबर पर आगरा रहा. आगरा में आज का तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

आगरा में गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल है. दिन प्रतिदिन गर्मी के तेवर और कड़े होते जा रहे हैं. लोगों को इससे राहत मिलने की संभावना भी नहीं दिख रही है. सुबह से ही सूरज की तेज किरणें लोगों को झुलसाने लगती हैं. आज दिन में तो ऐसा लग रहा था जैसे आसमान से आग बरस रही हो. यही नहीं रात को भी गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं.