आगरालीक्स.. टिंकल हत्याकांड में पुलिस को अहम सुबूत मिले हैं, टिंकल का शव फ्रिज में रखा गया, पुलिस ने जाहिद की पत्नी को भी अरेस्ट कर लिया है। टिंकल हत्याकांड में जाहिद, उसकी पत्नी, उसके भाई और दोस्त सहित चार को अरेस्ट किया गया है।
अलीगढ़ के थाना टप्पल में ढाई साल की बच्ची टिंकल, पुत्री बनबारी लाल शर्मा 30 मई को घर के बाहर से खेलती हुई लापता हो गई थी। 31 मई को टिंकल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। 2 जून की सुबह काननूगोयान से एक गली छोड़कर कोट मोहल्ले में महिला सफाईकर्मी ने कूड़े के ढेर से कपड़े के एक बंडल को कुत्तों को खींचते हुए देखा। कपड़े की गठरी खोलकर देखी गई तो उसमें टिंकल का क्षत-विक्षत शव मिला।
10 हजार रुपये के कर्ज के विवाद में मासूम की हत्या
बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया कि कोट मोहल्ले निवासी जाहिद पर उनके दस हजार रुपये थे। रुपये मांगने पर उससे विवाद हुआ। 30 जून को जब बच्ची खेलते हुए जाहिद के दरवाजे पर पहुंच गई तो उसे बिस्कुट देने के बहाने अपने घर में ले गया। फिर उसकी दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके शव को भूसे की बुर्जी में दबा दिया। जब उसमें से दुर्गंध आई तो शव को बाहर लाकर फेंक दिया गया। यह खुलासा मासूम टिंकल की हत्या में गिरफ्तार दोनों आरोपियों जाहिद व उसके दोस्त असलम ने किया है।
गल चुका था शव, आगरा लैब में विसरा की होगी जांच
टिंकल का शव गल चुका था, उसका एक हाथ नहीं मिला, इस मामले में देश भर में लोगों में आक्रोश है और वे टिंकल के हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग कर रहे है।
फ्रिज में शव रखने की आशंका
इस मामले में पुलिस सुबूत जुटा रही है, पुलिस को जाहिद के घर से फ्रिज मिला है, फ्रिज साफ सुथरा था और चालू हालत में था, इससे आशंका है कि शव को फ्रिज में रखा गया और सुबूत मिटाने के लिए फ्रिज को साफ कर दिया गया। पुलिस सभी बिंदुओं को लेकर जाहिद की पत्नी और भाई मेहंदी हसन से पूछताछ कर रही है। इससे पहले पुलिस ने दो आरोपियों जाहिद और असलम को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल भी कर लिया है।