आगरालीक्स… आगरा में हरियाली तीज भी इतरा रही है, महिलाएं हरे रंग में सज धज कर तीज मना रहीं हैं। धानी श्रृंगार से जब शोभित हुई धरा, हर किसी का मन बावरा हुआ। हर ओर से गूंजी धुन सावन के मल्हार की। इत-उत से जुटी सखियां आईं, ऋतु तीज की फुहार की। हरित आवरण ओडे यह नजारा था होटल राॅयल रेजीडेंसी में हुए कल्याणकारी महिला समिति के तीजोत्सव का।
कल्याणकारी महिला समिति ने बुधवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल राॅयल रेजीडेंसी में धूमधाम से तीजोत्सव मनाया। समिति की अध्यक्ष अशु मित्तल ने घरों में, पार्क और काॅलोनियों में पौधे लगाकर वातावरण को हरा-भरा रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में पडने वाली इस तीज पर वातावरण हरा भरा होता है इसलिए इसे हरियाली तीज के नाम से भी जाना जाता है। परंपरा के अनुसार इसी दिन से त्योहारों के पडने का सिलसिला शुरू हो जाता है। तीज के त्योहार पर सुहागिनें लंबे और सुखी विवाहित जीवन के लिए पूजन करती हैं। गौरी-शंकर का पूजन होता है। माता पार्वती से सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की जाती है। मान्यता के अनुसार प्रकृति में बदलाव की खुशियां मनाने और सुखी दांपत्य जीवन की मनोकामना पूर्ति के लिए तीज का त्योहार मनाया जाता है।
समिति की सचिव रीना गर्ग और कोषाध्यक्ष सविता पालीवाल ने कहा कि आस्था, उमंग, सौंदर्य और प्रेम के प्रतीक इस पर्व को शिव-पार्वती के पुनर्मिलन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। सावन में चारों तरफ हरियाली होने के कारण इसे हरियाली होने के कारण इसे हरियाली तीज कहते हैं। रिमझिम फुहारों के बीच तन-मन जैसे नृत्य करने लगता है। महिलाएं झूला झूलती हैं, लोकगीत गाती हैं और खुशियां मनाती हैं। मान्यता है कि मां पार्वती के कठोर तप के बाद भगवान शिव ने उन्हें इस दिन अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। इस दिन भगवान शिव और देवी पार्वती की पूजा की जाती है।
तीजोत्सव में पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने पर जोर दिया गया, साथ ही महिलाओं के साथ हो रहे दुर्व्यवहार पर चिंता जाहिर की गई। इस अवसर पर नाच-गाने, विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। सावन के गीत, मल्हार ने समां बांधा। महिलाओं ने तंबोला, नृत्य आदि प्रतियोगिताएं आयोजित कीं। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान स्नेहलता गुप्ता, शैलबाला अग्रवाल, विमला आसोपा, शशि गोयल, अंजू सिंघल, अनीता दयाल, भावना अग्रवाल, मीना मित्तल, कुसुम मेहरा, निशि गर्ग, नीलिमा पाटनी, वीना खण्डेलवाल आदि मौजूद थीं।
21 को लगेगा हस्तशिल्प मेला
तीजोत्सव के अंतर्गत समिति अध्यक्ष अशु मित्तल ने उपस्थित महिलाओं को जानकारी दी कि 21 अक्टूबर को आगरा क्लब में एक हस्तशिल्प मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमे आगरा व आगरा से बाहर के हस्तशिल्पी अपनी स्टॉल्स लगाएंगे।