
आगरा मथुरा हाईवे स्थित कीठम के टावर नंबर चार के पास शुक्रवार रात 9 बजे 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से चिंगारी उठने के बाद तार टूट कर गिर गया। इससे सूखी घास में आग लग गई, हवा के झोके के साथ आग की लपटें आगे बढती गई और तीन किलोमीटर के क्षेत्र को चपेट में ले लिया। आग में फंसने पर पशु पक्षिओं की चीत्कार सुनाई देने लगी। रात 11 बजे दमकल की एक गाडी पहुंची, लेकिन उसे भी जंगल तक पहुंचने में समस्या आई। वन विभाग की टीम द्वारा भी आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। देर रात तक सैकडों वन्य जीवों की मौत हो चुकी थी और आग बिकराल रूप लेती जा रही थी।
आग की लपटें देख पहुंचे ग्रामीण
कीठम के जंगलों में लगी आग को आस पास के गांवों से देखा जा सकता था, आग की उठती लपटों को देखकर ग्रामीण भी पहुंच गए। कुछ ही देर में आग जंगल में कई किलोमीटर तक फैल चुकी थी, इसे देखते हुए ग्रामीणों को रोक दिया गया। वन्य जीवों की जान बचाने के लिए कोई इंतजाम नहीं थे।
कीठम में रहते हैं हजारों पशु पक्षी
कीठम में हजारों पशु पक्षी रहते हैं। यहां विदेश से भी पक्षी आते हैं। आग के कई किलोमीटर में फैल जाने से जंगल जलकर स्वाह हो गया है और सैकडों पशु पक्षियों की मौत हुई है।
Leave a comment