आगरालीक्स.. आगरा में यस बैंक में ग्राहकों की भीड, पुलिस तैनात, 50 हजार रुपये निकाल सकेंगे, कब क्या होगा जाने
फंड की कमी से जूझ रही यस बैंक के निदेशक मंडल को आरबीआई ने गुरुवार रात को भंग कर दिया। एसबीआई के पूर्व मुख्य वित्त अधिकारी प्रशांत कुमार को यस बैंक का प्रशासक नियुक्त किया गया है। साथ ही एक महीने में 50 हजार रुपये कैश निकालने का नियम लागू कर दिया है।
आगरा में यस बैंक पर लगी भीड
एक महीने में 50 हजार रुपये ही कैश निकाल सकते हैं, इसकी जानकारी होते ही बडी संख्या में सुबह से ही संजय प्लेस स्थित यस बैंक पर ग्राहक पहुंच गए। बैंक के खुलते ही ग्राहकों की लंबी लाइन लग गई। ग्राहकों की संख्या बढने पर पुलिस भी पहुंच गई।

एक महीने तक निकाल सकेंगे 50 हजार रुपये
आरबीआई ने सख्ती करते हुए यस बैंक से एक महीने तक 50 हजार रुपये निकालने के आदेश जारी किए हैं। इसके बाद सुबह से ही ग्राहक आगरा के संजय प्लेस स्थित यस बैंक पर पहुंच गए। इसमें कारोबारियों की संख्या भी अधिक है, इनका करंट एकाउंट है और हर रोज बडे ट्रांजेक्शन और भुगतान करने पडते हैं।
कैश निकालने के लिए पेरशान, जमा करने पर डर
बैंक के ग्राहक कैश निकालने के लिए लाइन में लग रहे हैं। वहीं, हर रोज बडी मात्रा में कैश जमा करने वाले कारोबारी डरे हुए हैं।
एटीएम से नहीं निकल रहा कैश
यस बैंक के एटीएम से कैश नहीं निकल रहा है, इससे भी लोग परेशान हैं। रात से ही एटीएम से कैश निकलना बंद हो गया है। एटीएम कार्ड से अन्य बैंकों से भी कैश नहीं निकल रहा है।
बैंकों ने चेक लेने से किया इन्कार
ग्राहकों का कहना है कि कई बैंकों ने यस बैंक का चेक लेने से भी इन्कार कर दिया है। इस बारे में कोई स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहा है, इससे परेशानी और बढ गई है।