आगरालीक्स …आगरा में डॉक्टर की कोठी में उनकी पत्नी को बंधक बनाकर लूट करने वाले बदमाश पकडे नहीं जा सके हैं, आगरा पुलिस ने दो बदमाशों के स्केच जारी किए हैं, इन्हें शेयर करें।
आगरा के गजानन नगर में 30 जुलाई को डॉक्टर बैनी माधव गोयल के घर तीन बदमाशों ने धावा बोल दिया था। उनकी पत्नी स्नेहलता, नौकर आकाश और नौकरानी कमलेश को तमंचे के बल पर बंधक बना 35 लाख की लूटपाट कर ले गए थे। बदमाशों का सुराग हासिल करने में जुटी पुलिस ने स्केच जारी किए हैं। पुलिस बदमाशों के स्केच तैयार करने के बाद उन्हें जेल में निरुद्ध शातिरों को दिखाएगी। इससे बदमाशों का सुराग मिलने की उम्मीद है। इन स्केच को जिला और केंद्रीय कारागार के अलावा आसपास की आसपास की अन्य जेलों में भी भेजा जा रहा है।

आगरा के बाद मथुरा में गैंग के लूट करने की आशंका
पुलिस को जानकारी मिली कि डॉक्टर के घर वारदात के बाद उसी शाम मथुरा के थाना हाईवे स्थित मोती कुंज में भी वारदात हुई थी। शाम साढ़े सात बजे फरह के ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र सिंह सोलंकी घर के बाहर अपनी स्कॉर्पियो के पास खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और तमंचा तानकर उनसे 78 हजार रुपये लूट ले गए।
पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि कहीं दोनों घटनाओं के तार आपस में तो नहीं जुड़े हैं। डॉक्टर और लूट करने वाले बाइक सवारों का हुलिया आदि की जानकारी करने को पुलिस टीम मंगलवार को मथुरा गई थी। पुलिस ने डॉक्टर की पत्नी और नौकर-नौकरानी से जानकारी के आधार पर बदमाशों के स्केच जारी किए हैं। एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया, स्केच की मदद से बदमाशों का सुराग हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। डॉक्टर के घर लूट के बाद से कॉलोनी के लोग दहशत में हैं। उन्होंने को कॉलोनी के चारों गेटो और सड़क पर नजर रखने को आधा दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं।