नईदिल्लीलीक्स..जबलपुर में महाकौशल एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची। रेलवे ट्रैक की 158 चाबियां खोलीं। तीन रेल मंडलों में अलर्ट..
चाबियां खुली पटरी से 110 की स्पीड से गुजरी ट्रेन

जबलपुर रेल मंडल के मैहर-सतना रेल लाइन में उचेहरा-लगरगवां स्टेशन के बीच के लगभग 100 मीटर लंबे रेलवे ट्रैक की चाबियां खोल दी थीं। इस ट्रैक से महाकौशल एक्सप्रेस 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजर गई।
ट्रेन में डेढ़ हजार यात्री सवार थे
ट्रेन में लगभग डेढ़ हजार यात्री थे। उनकी किस्मत अच्छी थी कि ट्रेन पटरी से नहीं उतरी। पटरियों से गुजरते वक्त ट्रेन के इंजन से कई चांबियां टकराई, जिसकी आवाज सुनकर ट्रेन ड्राइवर ने तत्काल इसकी जानकारी जबलपुर रेलवे कंट्रोल को दी।
चाबियों की चोरी या साजिश, जांच शुरू
रेलवे ट्रैक में पटरियों से स्लीपर को जोड़ने और ट्रैक को मजबूती देने के लिए इसे लोहे की चाबियों से कसा जाता है। 100 मीटर लंबे रेलवे ट्रैक पर लगभग 600 चाबियां होती हैं, जिसमें से 158 चाबी खोल दी गई थीं। इन्हें लगातार नहीं खोला, बल्कि बीच-बीच की चाबियों को खोलकर अलग किया गया था।
रेलवेट्रैक के पास ही मिली चाबियां
अधिकांश चाबी रेलवे ट्रैक के आसपास मिलीं, जिससे चोरी से ज्यादा ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त करने की संभावना बताई गई है। घटना रविवार रात की बताई जा रही है।
प्रयागराज, जबलपुर, झांसी रेल मंडल में अलर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे और पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इधर घटना ने जबलपुर रेल मंडल समेत प्रयागराज रेल मंडल, झांसी रेल मंडल में अलर्ट जारी कर दिया।