आगरालीक्स…आज की मुख्य खबरें, सीएम योगी बोले—सिर्फ ‘मुरली’ से काम नहीं चलेगा,’सुदर्शन’ भी चलाना होगा. जम्मू कश्मीर चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र जारी. भारी बारिश के कारण हिमाचल में 53 सड़कें बंद
ममता बनर्जी और जूनियर डॉक्टर्स के बीच बैठक जारी
CM ममता बनर्जी और जूनियर डॉक्टर्स के बीच बैठक जारी है। यह बैठक डॉक्टरों को वापस काम पर लौटने के लिए बुलाई गई है। मालूम हो कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 31 वर्षीय जूनियर डॉक्टर के बलात्कार और हत्या के विरोध में पूरे देश में प्रदर्शन हुए। लेकिन आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के जूनियर डॉक्टर अभी भी प्रदर्शन कर रहे हैं। जिन्हें मनाने के लिए ममता बनर्जी लगी हुई हैं। ममता सरकार ने जूनियर डॉक्टरों से बात करने के लिए एक बार फिर से लगातार पांचवी और आखिरी बार अपना निमंत्रण भेजा था।
जम्मू-कश्मीर चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने सोमवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में फायदा दिए जाने का वादा किया है।
भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में 53 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में आईएमडी ने आज 6 जिलों में ‘येलो’ अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, भारी बारिश के कारण कुल 53 सड़कें बंद हो गईं और 5 बिजली आपूर्ति परियोजनाओं में उत्पादन ठप पड़ गया। आईएमडी ने बुधवार को राज्य के 6 जिलों के अलग-अलग इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।
सिर्फ ‘मुरली’ से काम नहीं चलेगा,’सुदर्शन’ भी चलाना होगा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा बयान दिया है। सीएम योगी ने कहा कि केवल ‘मुरली’ से काम नहीं चलेगा, बल्कि सुरक्षा के लिए ‘सुदर्शन’ चक्र भी चलाना जरूरी है। सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को मां त्रिपुर सुंदरी की कृपा भूमि त्रिपुरा राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में सिद्धेश्वरी मंदिर के उद्घाटन एवं प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए थे जिसके दौरान उन्होंने ये बातें कहीं। योगी ने आगे कहा कि अयोध्या, मथुरा, काशी यह तीन सनातन हिंदू धर्म के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, मान बिंदु हैं। जो भी सामर्थ्यवान होगा, अपनी ताकत का अहसास अपने दुश्मनों को कराएगा, वह हमेशा सुरक्षित रहेगा।
बहराइच में फिर भेड़िये का हमला
यूपी के बहराइच में भेड़िये का आतंक जारी है। बीती रात भी एक बच्चे पर रात के ढाई बजे भेड़िये ने हमला किया है और उसे गंभीर रूप से घायल किया है। बच्चे को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया है। हैरानी की बात ये है कि बच्चा छत पर सो रहा था, भेड़िये ने वहां भी हमला कर दिया।