आगरालीक्स.. आगरा में लव मैरिज करने के बाद युवती अपने घर जाने का दबाव बनाने लगी, इससे गुस्से से तमतमाए युवक ने अपने साले की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
एत्मादपुर के मोहल्ला शेखान निवासी फरमान (25) पुत्र अज्जो कबीर कुंज में जूता कारखाना में काम करता था। फरमान के परिजनों ने बताया कि उसकी बहन नाजमीन ने 21 जनवरी को आनंद नगर, जगदीशपुरा निवासी नूर मोहम्मद पुत्र महाजुद्दीन से लव मैरिज की है। लव मैरिज से नूर मोहम्मद के घरवाले खुश नहीं थे। इस कारण वो बिल्लोचपुरा, हरीपर्वत में किराये पर कमरा लेकर रह रहा था।
घर जाने की कहती थी पत्नी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी नूर मोहम्मद ने बताया कि नाजमीन अक्सर अपने मायके जाने की कहती थी।
वो उससे कहता था कि जब उसने अपने परिवार से दूरी बना ली है तो वो भी अपना घर जाना छोड़ दे। मगर, नाजमीन नहीं मानी। इस बात पर झगड़ा होता था। गुरुवार सुबह नाजमीन ने अपने भाई फरमान को फोन किया। वो उसे लेकर जाने की कहने लगा। इस बात पर नूर मोहम्मद का साले से झगड़ा हो गया।
चाकू से गोदकर हत्या
नूर मोहम्मद चार बजे चाकू लेकर फरमान के कारखाना पर पहुंचा। बात करने के बहाने उसे अपने साथ कबीर कुंज में कब्रिस्तान स्थित खंडहर मकान के पास ले गया, नूर मोहम्मद ने फरमान को पीछे से पकड़ लिया। इसके बाद चाकू से वार करने लगा। उस पर तब तक वार करता रहा, जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई।
हत्या के बाद आरोपी अपनी बाइक से थाना जगदीशपुरा आ गया। उसने खुद पुलिस को जानकारी दी कि वो हत्या करके आया है। इस पर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।