आगरालीक्स…(9 August 2021 Agra News) आगरा में सावन के महीने में घेवर खाने को मिल जाए तो आनंद ही कुछ और हो जाता है. जानिए इस बार कितनी वैरायटीज में मिल रहा घेवर का स्वाद
घेवर की मिठास से मनता है रक्षाबंधन
आगरा में मिठाई खाने के शौकीन खूब हैं. किसी को लड्डू पसंद आता है तो किसी को बर्फी. किसी को छैना खाने में मजा आता है तो कोई रसमलाई का दिवाना है. ये सभी मिठाइयां तो पूरे साल खाने को मिल जाती हैं, लेकिन घेवर एक ऐसी मिठाई है जो कि अधिकतर सावन के महीने में ही खाने को मिलता है. इसकी वजह सावन में पड़ने वाला रक्षाबंधन का त्योहार है. भाई—बहन के प्यार का ये त्योहार घेवर की मिठास के साथ ही मनाया जाता है. बहनें अपने भाई के लिए दूर—दूर से उसकी पसंद का घेवर लाती हैं. सावन महीने की शुरुआत से ही मिष्ठान्न विक्रेताओं द्वारा घेवर को बनाना शुरू कर दिया जाता है. घेवर खाने के शौकीन लोग सावन की शुरुआत से ही इसका टेस्ट लेने को बेकरार रहते हैं.
घेवर की डिमांड सबसे ज्यादा
सावन के महीने में घेवर की डिमांड अन्य मिठाइयों की अपेक्षा सबसे ज्यादा हो जाती है. यूं तो रक्षाबंधन सावन महीने के अंतिम दिन पूर्णिमा को होता है लेकिन घेवर सावन के महीने की शुरुआत से ही बिकना शुरू हो जाता है और रक्षाबंधन के कुछ दिन बाद तक इसकी बिक्री जबर्दस्त रहती है.
शहर में इतने तरह के घेवर इस बार
प्लेन घेवर
मलाई घेवर
केसर घेवर
चॉकलेट घेवर
काजू घेवर
ड्राईफ्रूट घेवर
मैंगो घेवर
इसके अलावा रक्षाबंधन से पहले भी कई तरह के घेवर की वैरायटीज लोगों को मिलेंगी.
क्या कहते हैं मिष्ठान्न विक्रेता
आगरा में दाऊजी स्वीटस, कमला नगर के जय कुमार का कहना है कि पिछले साल कोरोना महामारी के कारण घेवर की बिक्री ज्यादा नहीं हुई थी लेकिन इस बार उम्मीद है कि घेवर की बिक्री काफी अच्छी होगी. घेवर की कई वैरायटी तैयार की गई हैं.
जीएमबी मिष्ठान के विकास का कहना है कि कई प्रकार के घेवर तैयार किए गए हैं. पहले की तरह स्टॉक तैयार नहीं हो रहा है. आज बिकने वाला घेवर आज ही तैयार किया जा रहा है. बिक्री तो हो रही है लेकिन पहले जैसी नहीं. पर उम्मीद है कि रक्षाबंधन पर घेवर की अच्छी सेल होगी.