मथुरालीक्स:…वीडियो …रेलवे स्टेशन बाद के रिले रूम में आग लगने से सिग्नल प्रभावित, आगरा नई दिल्ली इंटरसिटी सहित तमाम ट्रेनें घंटों स्टेशन पर खड़ी रहीं, ट्रेनों को देर रात तक अछनेरा स्टेशन से निकाला गया। ( Mathura Live News: Fire break out in relay room at Bad railway station, Delhi Agra Intercity & other trains stuck, Video )
मथुरा के बाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात 7.45 बजे रिले रूम से धुआं उठने लगा, रेलवे कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास किए, इसके साथ ही दमकल कर्मियों को भी सूचना दे दी। मगर, इससे रेलवे सिग्नल प्रणाली प्रभावित हो गई। सबसे व्यस्त दिल्ली, मथुरा, आगरा, मुंबई, चेन्नई रूट पर अप और डाउन का रेलवे यातायात प्रभावित हो गया। ट्रेनों को जहां के तहां रोक दिया गया।
कई घंटे खड़ी रहीं ट्रेनें
दिल्ली से आगरा और आगरा से दिल्ली जाने वाले लोग कई घंटे तक ट्रेन के खड़े रहने से परेशान रहे। दिल्ली से आगरा आने वाले इंटरसिटी स्टेशन पर तीन घंटे तक खड़ी रही, यात्रियों का कहना है कि उन्हें जानकारी भी नहीं दी गई। जिससे वे बस से आगरा आ जाएं। देर रात तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा और बड़ी संख्या में लोग फंसे रहे। कर्नाटक एक्सप्रेस, यूपी संपर्क क्रांति, कुरुक्षेत्र खजुराहो एक्सप्रेस, नई दिल्ली आगरा इंटरसिटी सहित अन्य ट्रेनें प्रभावित रहीं। पीआरओ संजय कुमार गौतम का मीडिया से कहना है कि ट्रेनों को अछनेरा होते हुए निकाला गया।