आगरालीक्स…मथुरा की सांसद हेमामालिनी ने कहा—बांकेबिहारी कॉरिडोर से किसी को नुकसान नहीं. इससे वृंदावन में व्यापार भी बढ़ेगा और पर्यटन को मिलेगा नया आयाम…
वृंदावन में बिहारीजी कॉरिडोर प्रस्तावित है. इसको लेकर सर्वे का काम भी पूरा कर लिया गया है और जो रिपोर्ट प्रशासन को भेजी गई है उसमें कॉरिडोर के दायरे में 300 से अधिक भवन, दुकान आ रहे हैं. ऐसे में इसको लेकर लोगों में भय व्याप्त हो गया है. दुकानदारों द्वारा कॉरिडोर के विरोध में लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं तो वहीं लोगों को अपना घर खोने का डर है जिसको लेकर उनमें भी डर है और वह लगातार इसको लेकर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं.

इन सबके बीच मथुरा की सांसद हेमामालिनी ने कॉरिडोर को लेकर बड़ी बात कही. मथुरा पहुंची हेमामालिनी ने कहा कि कॉरिडोर निर्माण वर्तमान समय की जरूरत है और कॉरिडोर के बनने से वृंदावन में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और व्यापार भी बढ़ेगा. उन्होंने कहा मंदिर के सेवायत गोस्वामियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को समझाते हुए कहा कि कॉरिडोर निर्माण से किसी को कोई नुकसान नहीं होगा. सभी के हितों का ध्यान रखा जाएगा. जो लोग कह रहे हैं कि कॉरिडोर के निर्माण से यहां की प्राचीनता और प्राकृतिक सुंदरता को नुकसान होने जा रहा है वह गलत हैं. इससे न तो प्राचीनता खत्म होगी और न ही प्राकृतिक सुंदरता से छेड़छाड़ होगी. इस कॉरिडोर का निर्माण हाईकोर्ट के निदे्रशन पर हो रहा है, इसलिए खामियों की गुंजाइश नहीं है.