मथुरालीक्स…मथुरा में अस्पताल के अंदर नर्स के साथ रेप करने के आरोपी डॉक्टर को मिली उम्रकैद की सजा. रेप के बाद नर्स ने कर लिया था सुसाइड…जानिए क्या था मामला
आगरा मंडल के मथुरा जिले में अस्पताल के अंदर नर्स के साथ रेप करने और बाद में नर्स द्वारा सुसाइड करने के मामले में आरोपी डॉक्टर को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है. चार साल पुराने इस मामले में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश सुशील कुमार ने बलात्कार के जुर्म पर आरोपी डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा के साथ 80 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. सहायक जिला सरकारी वकील सुभाष चतुर्वेदी ने बताया कि अदालत ने आदेश दिया है कि जुर्माने की आधी राशि महिला की बेटी को दी जाए.चार साल पुराने मामले में आया फैसला
मामला वृंदावन का है. यहां एक मृतक महिला के पिता ओमवरी ने 6 मई 2021 को आरोपी डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह पर संगीन आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी. आरोप लगाया कि 1 मई 2021 को राया क्षेत्र के सादाबाद रोड पर माही नर्सिंग होम के संचालक डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह ने उनकी बेटी के साथ नर्सिंग होम में बलात्कार किया . इस वारदात के अगले दिन बेटी ने यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली थी. उसका शव यमुना किनारे अहिल्यागंज में उतराता मिला था.
पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी सुरीर क्षेत्र के मेहंदीपुर गांव में रहने वाले मोहन लाल से हुई थी. यह शादी ज्यादा दिन नहीं चली. एक बेटी को जन्म देने के बाद पीड़िता मायके लौट आई और माही नर्सिंग होम में काम करने लगी थी.