मथुरालीक्स…वृंदावन में श्री बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर का विरोध जारी, कलाकारों ने रंगोली बनाकर सरकार को बताया बकासुर, जो ब्रज की विरासत और परंपराओं को निगलने के लिए उतावली है
वृंदावन में प्रस्तावित श्री बांकेबिहारी कॉरिडोर को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है. इस बार सांस्कृतिक चेतना से जुड़े कलकारों ने अपने ही अंदाज में विरोध जताया. उन्होंने मंदिर में रंगोली बनाकर कॉरिडोर के दुष्प्रभाव बताए और सरकार का बकासुर के रूप में प्रदर्शित किया.कलाकारों द्वारा बनाई गई रंगोली में सरकार को बकासुर के रूप में चित्रित कर कहा गया कि जो बृज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को निगलने के लिए उतावला प्रतीत हो रहा है. ब्रज संस्कृति शोध संस्थान के सचिव लक्ष्मीनारायण तिवारी ने बताया कि युवा रंगोली कलाकार कमलेश्वर शर्मा लगातार अपने रेखाचित्रों के माध्यम से कॉरिडोर के सांस्कृतिक दुष्प्रभावों को उजागर कर रहे हैं.
कलाकारों का कहना है कि अगर यह कॉरिडोर बनता है तो वृंदावन का पूरा परिदृश्य ही बदल जाएगा. यहां की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरें समाप्त हो जाएंगी. इस मौके पर गोपाल शरण शर्मा, विश्वजीत दास, ब्रज गोपाल चित्रकार, कशिश सेनी, प्रियांशीसैनी आदि मौजूद रहे.