
आगरा में आठ जुलाई से मानसून की बारिश होनी थी, लेकिन शुक्रवार को बूंदाबांदी हुई। शनिवार सुबह से तेज धूप और उमस ने लोगों को मायूस कर दिया। जबकि आस पास के जिलों से बारिश की खबरें मोबाइल पर आने लगी। दोपहर 12 बजे तक बारिश का माहौल बनने लगा, तेज धूप से डरा रहे बादलों का रंग बदलता चला गया। घने बादल छाए, गडगडाहट हुई और दोपहर एक बजे से तेज बारिश होने लगी। बारिश इतनी तेज थी कि चंद मिनटों में लोग तरबतर हो गए।
बारिश में जमकर मस्ती
गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने जमकर मस्ती की, दोपहिया वाहन चालक बारिश में सडक पर गाडी दौडाते रहे, चार पहिया वाहन चालकों ने गाडी साइड में खडी कर बारिश में तरबतर होने का आनंद लिया। बारिश तेज हुई तो लोग अपनी कोठी और घरों की छत पर बाहर निकल आए, जमकर बारिश में फैमिली संग मस्ती की।
मोबाइल ने नहाने से रोका
बारिश में नहाने का अलग ही मजा है, लेकिन अधिकांश लोगों की जिंदगी मोबाइल से हैंग हो चली है। लोग बारिश में भीगना चाहते थे, लेकिन जेब में मोबाइल था, इसलिए सुरक्षित जगह पर बारिश बंद होने का इंतजार करते रहे।
आगरा सहित देश में होगी झमाझम बारिश
केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून मानसून ने दस्तक दे दी। यहां एक जून को मानसून पहुंचता है, पर इस बार नौ जून को पहुंचने का अनुमान लगाया था। अगले दो दिन में मानसून कर्नाटक और चार दिन में महाराष्ट्र तक पहुंचने की उम्मीद है। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) के मुताबिक 15 जुलाई तक देश के सभी हिस्सों में मानसून की बारिश होने लगेगी।
Leave a comment