आगरालीक्स.. आगरा के मुगल रोड से गुलामी का अहसास होता है, अब इस रोड का नाम महाराज अग्रसेन रोड होगा। दो और रोड के नाम बदले जाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा के नगर निगम में हुई बैठक में पार्षद राधिका अग्रवाल ने मुगल रोड के नाम को बदलकर महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव किया। उन्होंने तर्क दिया कि देश आजाद हो चुका है, लेकिन शहर में अभी भी कई ऐसे क्षेत्र व मार्ग हैं जिन्हें गुलामी के प्रतीक के रूप में जाना जाता है। कमला नगर क्षेत्र वैश्य बाहुल्य है और यहां पर वर्षों से महाराजा अग्रसेन की अग्रसेन वाटिका में प्रतिमा भी लगी हुई है। इसीलिए इस मार्ग का नाम महाराजा अग्रसेन होना चाहिए। इस प्रस्ताव पर कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने अपनी सहमति जताई और कार्यकारिणी में इस प्रस्ताव को पास किया गया।
राधिका ने दूसरा प्रस्ताव ताजगंज क्षेत्र में प्राचीन तांगा स्टैंड के नाम को बदलकर ऑटो स्टैंड किए जाने का प्रस्ताव रखा। क्योंकि क्षेत्र में अब तांगा नहीं चलते इसलिए आटो स्टैंड नाम रख दिया जाए। इस प्रस्ताव पर भी सहमति हो गई। पार्षद राजेश प्रजापति ने नालबंद चौराहा के नाम को महाराजा दक्ष के नाम से किए जाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर भी सभी लोगों ने अपनी सहमति जताई और मुहर लगा दी।