आगरालीक्स… आगरा में नीट यूजी की परीक्षा में फिजिक्स के प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को उलझा दिया, इस बार मेरिट नीचे जाने की उम्मीद, कलावे से लेकर ईयर रिंग चेक करने के बाद अभ्यर्थियों को दिया गया प्रवेश।
देश भर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस में प्रवेश के लिए आगरा के 22 केंद्रों पर रविवार को दोपहर दो से पांच बजे के बाद नीट यूजी की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में 10103 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। सुबह 11.30 बजे से परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। कलवा, इलेक्ट्रोनिक गैजेट के साथ ही नोज पिन और ईयर पिन भी चेक की गईं। बायोमीट्रिक हाजिरी के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिला।
करीब तीन प्रतिशत छात्रों ने छोड़ी परीक्षा
आगरा के 22 केंद्रों पर नीट यूजी आयोजित की गई। आगरा के 22 केंद्रों में 10103 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, इसमें से 393 यानी करीब तीन प्रतिशत अभ्यथी अनुपस्थित रहे। दोपहर दो से पांच बजे तक परीक्षा आयोजित की गई।
फिजिक्स का पेपर टप, बायोलॉजी का भी मुश्किल
आरवी एकेडमी के निदेशक डॉ. वैभव शर्मा ने बताया कि पिछले साल की तुलना में फिजिक्स का पेपर टफ रहा। अभ्यर्थियों को कुल 180 प्रश्नों के उत्तर देने थे इसमें से 45 फिजिक्स, 45 केमिस्ट्री और 90 प्रश्न बायोलॉजी के थे। प्रत्येक सही प्रश्न पर चार अंक मिलते हैं, 720 अंक से मेरिट बनेगी। वहीं, एक गलत उत्तर देने पर प्राप्तांक से एक अंक कम हो जाता है। बायोलॉजी भी आसान नहीं रहा। पिछले साल नीट यूजी में 720 में से 720 अंक आए थे इस बार उम्मीद कम है और मेरिट भी नीचे जा सकती है।