आगरालीक्स…आगरा में सात महीने बाद ताजमहल पूर्वी गेट से सिकंदरा तक दौड़ने लगेगी मेट्रो. सीएम योगी ने दिए सख्त आदेश….एमजी रोड पर ऐलिवेटेड मेट्रो के लिए ये टाइम डिसाइड
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में मेटो को लेकर सख्त आदेश दिए हैं. उन्होंने साफ—साफ कहा है कि अधिकारी बार—बार नक्शा पास कराने में आपत्ति नहीं लगाएं. समय पर मेट्रो की योजनाएं पूरी होने दें. मुख्यमंत्री ने आगरा में पहले कॉरिडोर में ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक मेट्रो इसी साल दिसंबर तक पूरा करने के आदेश दिए हैं तो वहीं अगले साल 2026 तक दूसरा कॉरिडोर यानी आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक पूरा करने के लिए कहा है.छह स्टेशनों पर चल रही है मेट्रो
आगरा के पहले कॉरिडोर में इस समय छह स्टेशनों के बीच मेट्रो चल रही है. ताज पूर्वी गेट से बिजलीघर तक तीन ऐलिवेटेड स्टेशन हैं तो वहीं तीन अंडरग्राउंड. इनमें ताजमहल, आगरा फोर्ट और बिजलीघर पर श्रीमनकामेश्वर स्टेशन अंडरग्राउंड हैं तो वहीं फतेहाबाद रोड, बसई और ताज पूर्वी गेट पर ऐलिवेटेड स्टेशन है.
अगले चार स्टेशनों के बीच काम लगभग पूरा
बिजलीघर से आरबीएस कॉलेज तक चार अंडरग्राउंड स्टेशन बनाए जा रहे हैं. इनका काम लगभग पूरा हो गया है. बिजलीघर पर रेलवे ट्रैक के नीचे अंडरग्राउंड के पास ही काम रुका है, बाकी सभी स्टेशनेां पर 80 प्रतिशत तक काम पूरा हो चुका है. जो चार अंडरग्राउंड स्टेशन हैं उनमें एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीए कॉलेज हैं. जल्द ही इन स्टेशनों के बीच ट्रैक बिछाने का काम पूरा किया जाएगा. अगस्त तक इन चारों स्टेशनों के बीच भी मेट्रो चलने की संभावना है.
आरबीएस से आगे के तीन स्टेशन आईएसबीटी, गुरुद्वारा गुरु का ताल और सिकंदरा स्टेशन ऐलिवटेड हैं. इनमें आईएसबीटी तक मेट्रो के पिलर लगभग लग चुके हैं तो वहीं हाइवे पर गुरुद्वारा गुरु का ताल पर भी बैरिकेडिंग शुरू कर दी गई है. उम्मीद है कि दिसंबर 2025 तक सिकंदरा तक मेट्रो का ट्रैक पूरा कर लिया जाएगा और ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक मेट्रो संचालित हो जाएगी.
एमजी रोड पर भी काम तेजी पर
वहीं आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर पर भी काम तेजी से चल रहा है. आगरा कैंट से एमजी रोड और फिर हाइवे होते हुए यह कॉरिडोर कालिंदी विहार तक प्रस्तावित है. इस पूरे रूट पर मेट्रो ऐलिवेटेड चलेगी और कुल 14 स्टेशन बनेंगे. आगरा के एमजी रोड पर मेट्रो का अंतिम स्टेशन दीवानी चौराहे पर बनेगा. यहां से मेट्रो भगवान टाकीज फ्लाईओवर को क्रॉस करके अबुउलाह दरगाह वाले रोड पर आएगी और फिर सुल्तानगंज की पुलिया के आगे से टर्न होकर लंगड़े की चौकी वाले रूट पर पहुंच जाएगी. यहां कमला नगर स्टेशन बनेगा. इसके बाद मेट्रो इसी रूट पर चलेगी और आगे चलकर रामबाग होते हुए कालिंदी विहार तक चलेगी. सीएम योगी ने इस रूट को 2026 तक पूरा करने के आदेश दिए हैं.