नईदिल्लीलीक्स… पीएम मोदी ने एएमयू को मिनी इंडिया जैसा बताया है। मुंबई के क्लब में छापा पड़ने पर सुरेश रैना समेत कई सेलीब्रिटी चोर दरवाजे से भागे। साथ में अब तक की देश-दुनिया की खबरें।
मिनी इंडिया जैसा है एएमयूः मोदी
वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये एएमयू के शताब्दी कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछली शताब्दी में मतभेदों के जरिये पहले ही काफी समय जाया हो चुका है। अब और समय नहीं गंवाना। उन्होंने कहा कि अब सभी को एक लक्ष्य लिए साथ मिलकर नया आत्मनिर्भर भारत बनाना है। उन्होंने कहा कि कैम्पस मिनी इंडिया जैसा लगता है। उन्होंने कोरोना संकट के दौरान एएमयू के योगदान की सराहना की।
जुलाई के बाद मिले सबसे कम संक्रमित
ब्रिटेन में कोरोना के नए स्ट्रेन मिलने के बाद पैदा हुए तनावपूर्ण हालात के बीच देश से राहतकारी खबर मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज जारी दैनिक रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों में देश में 19,556 नये संक्रमित मिले हैं, जो जुलाई के बाद एक दिन में मिलने वाले सबसे कम संक्रमित है। इस अवधि में 301 मरीजों की मौत हुई है। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,00,75,116 हो गई है, जबकि कुल मृतक संख्या 1,46,111 हो गई है। अब तक 96,36,487 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।
कोविड-19 का नया स्ट्रेन अभी काबू में
ब्रिटेन में कोरना वायरस का नया स्ट्रेन तेजी से फैल रहा है। इस पर नियंत्रण पाने के लिए ब्रिटेन में पुनः लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। वायरस के नए रूप से दुनियाभर में खलबली मच गई है। डब्ल्यूएचओ का कहना है कि वायरस का नया रूप अभी नियंत्रण में है।
कोरोना नियम तोड़ने पर रैना के खिलाफ केस
देश-दुनिया में कोरोना का कोरोना का कहर टूट रहा है लेकिन मुंबई के एक बड़े क्लब ड्रेगन फ्लाई में कई खिलाड़ी और अन्य सेलीब्रिटी पार्टी कर रहे थे। पुलिस ने रात तीन बजे छापा मारा। पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, गायक गुरु रंधावा, सुजैन खान समेत कई लोगों के खिलाफ कोरोना प्रोटोकॉल के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि छापे के दौरान ये सभी लोग क्लब के पिछले दरवाजे से भाग खड़े हुए।