नईदिल्लीलीक्स…. देश की राजधानी में एंट्री के लिए पांच राज्यों के लोगों को कोरोना नेगेटिव की रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य। राजस्थान में किसानों का बजट अलग होगा। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
कोरोना को लेकर दिल्ली में अलर्ट
देश की राजधानी दिल्ली में एंट्री के लिए कोरोना नेगेटिव की रिपोर्ट दिखानी होगी। दिल्ली सरकार ने पांच राज्यों से आने वाले लोगों के लिए यह कदम उठाया है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल शामिल हैं। यह नियम 26 फरवरी से 15 मार्च तक के लिए लागू किया गया है। दिल्ली सरकार आज शाम तक इस बारे में अधिकारिक आदेश जारी करेगी। यह निर्णय दिल्ली सरकार ने बीते एक सप्ताह से कोरोना के बढ़ते केसों के मद्देनजर लिया है। इसमें से 88 प्रतिशत केस इन पांच राज्यों के हैं।
चपरासी की नौकरी को हजारों बीटेक-एमटेक लगे लाइन में
हरियाणा के पानीपत कोर्ट में चपरासी के 13 पदों की नियुक्ति के लिए 27 हजार युवा इंटरव्यू देने के लिए पहुंचे। यानि एक पद के लिए करीब 2076 युवा संघर्ष करते नजर आए। इन लोगों में अधिकाश युवक बीए, एमबीए, बीटेक, एमटेक डिग्री प्राप्त युवा शामिल थे, जबकि चपरासी पद के लिए शैक्षिक योग्यता मात्र आठवीं पास रखी गई थी। नौकरी के लिए आवेदन करने वालों में अधिकाश युवा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान के थे।
राजस्थान का बजट- अगले साल से किसानों का बजट अलग
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज पेपरलेस बजट पेश किया। सीएम गहलौत ने बजट में स्पेशल कोविड पैकेज का ऐलान किया है। इसके तहत कोरोना से प्रभावित लोगों को आर्थिक मदद दी जाएगी। रोजगार के लिए पचास हजार रुपये तक का ब्याजमुक्त लोन दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि सरकार अगले साल से अलग कृषि बजट पेश किया जाएगा। किसानों को आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी। अगले तीन वर्षों में एक हजार किसन सेवा केंद्रों को बनाया जाएगा।
गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स हादसे में घायल
अमेरिका के लॉस एंजिल्स में एक सड़क हादसे में गोल्फ के प्रख्यात खिलाड़ी टाइगर वुड्स घायल हो गए। घायल वुड्स को पास के एक अस्पताल में दाखिल कराया गया है, उनके पैर में चोट आई है और सर्जरी की जा रही है। बताया गया है कि हादसे के वक्त टाइगर अपनी कार को खुद चला रहे थे लेकिन कार की रफ्तार तेज होने के कारण वह बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई है। लेकिन हादसे के दौरान कार का एयरबैग खुल जाने से टाइगर वुड्स की जान बच गई।