आगरालीक्स.. अभी तक की देश-दुनिया की खबरें, आगरा में सोने के भाव पचास हजार से नीचे। चांदी भी साठ हजार रुपये प्रतिकिलो ग्राम से नीचे बने हुए हैं।
मोदी-राजपक्षे में वार्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्रीलंका के प्रधानमंत्री महेंद्र राजपक्षे के बीच वर्चुअल शिखर वार्ता शुरू हो गई है। इस शिखऱ वार्ता में मछुआरों का मुद्दा एक महत्वपूर्ण बिंदू होगा। राजपक्षे ने मछुआरों को आश्वासन दिया है कि भारतीय मछुआरों द्वारा अवैध शिकार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे और इस मुद्ददे पर भारत से बातचीत करेंगे। राजपक्षे के कार्यालय के अनुसार श्रीलंकाई मछुआरों को हरसाल चार करोड़ डालर की सालाना हानि होती है।
कोरोना संक्रमित 59 लाख पार
भारत समेत दुनिया के 180 देशों में कोरोना का खौफ बरकरार है। अभी तक दुनिया भर में 3.25 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 9.88 लोग इस महामारी की चपेट में आकर मौत के आगोश में समा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 59,03,932 हो गई है, जबकि मृतक संख्या 93,379 हो गई है। बीते 24 घंटों में 85, 362 नये कोरोना संक्रमितों का पता चला है, जबकि 1089 मरीजों की मौत हो गई है। राहत की बात यह है कि अब तक 48,49,584 लोग इस महामारी को मात देकर अपने घऱों को लौट चुके हैं। रिकवरी रेट अब 82.14 फीसदी हो गया है।
घरवाले चलाते हैं अनिल अंबानी का घर
ब्रिटेन की एक अदालत में कर्ज में डूबे अनिल अंबानी ने खुलासा किया है कि उनके पास कोई महत्वपूर्ण सम्पत्ति नही बची है। उनका खर्च बहुत कम है, पत्नी और परिवार के लोग चलाते हैं। अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कॉम ने 2012 में चीन की तीन बैंकों से 7000 लाख डालर का कर्ज लिया था। इसके गारंटर खुद अनिल अंबानी थे। अब उनकी कंपनी दिवालिया हो गई है तो उक्त तीनों चीनी बैंकों ने ब्याज के साथ रकम वसूलने के लिए मुकदमा दर्ज कराया है।
बिग बॉस 14 का फार्मेट बदला
तीन अक्टूबर से शुरू होने वाले बिग बॉस-14 के फार्मेट में कई बदलाव किए गए हैं। शो के पुराने प्रतिभागियों को भी इस शो से फिर जोड़ा जाएगा। बिग बॉस13 के विनर सिद्धार्थ शुभना, हिना खान, गौहर खान के बाद अब गौतम गुलाटी के भी एंट्री लेने की संभावना है। पुराने प्रतिभागी इस बार बिग बॉस के घर में क्या करेंगे, यह तो स्पष्ट नहीं है लेकिन समझा जाता है कि पुराने प्रतिभागी शुरू के कुछ हफ्ते ही घऱ में रहेंगे और इस दौरान नए प्रतिभागियों को वहीं टॉस्क देंगे।
श्रीकृष्ण विराजमान कोर्ट में पहुंचे
अय़ोध्या में रामलला विराजमान की जीत के बाद अब मथुरा में श्रीकृष्ण विराजमान ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मथुरा कोर्ट में एक मुकदमा दर्ज कराकर श्रीकृष्ण विराजमान ने अपनी जन्मभूमि को मुक्त कराने की गुहार लगाई है। इस याचिका के जरिये 13.37 एकड़ की कृष्ण जन्मभूमि का स्वामित्त्व मांगा है, जिस पर मुगलकाल में कब्जा करके शाही ईदगाह बना दी गई थी। कोर्ट से शाही ईदगाह मस्जिद को हटाने की मांग की गई है।
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट
सोने-चांदी की कीमतें पचास हजार से नीचे बनी हुई हैं। शनिवार सुबह सोना 49,826 रुपये प्रति दस ग्राम के भाव पर खुला, जो नीचे गिरकर 49,380 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इसके कुछ देर बाद 49666 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी आज सुबह 59,320 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली, जो दोपहर तक गिरावट के साथ 59018 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।