नईदिल्लीलीक्स…आईपीएल 2022 नए नियमों के साथ खेला जाएगा। अब आईपीएल में डीआरएस से लेकर कई नियम भी बदल गए हैं।
कोरोना को लेकर शेड्यूल में बदलाव संभव
आईपीएल-2022 में कोरोना के खतरे को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट के शेड्यूल में भी बदलाव की गुंजाइश रखी गई है। अगर कोरोना के कारण कोई टीम पूरे 11 खिलाड़ी (जिसमें कम से कम सात भारतीय होने जरूरी हैं) मैदान में नहीं उतार पाती है तो वह मैच फिर से आयोजित कराया जाएगा। अगर बाद में भी मैच का आयोजन नहीं हो पाता है तो यह मामला तकनीकि समिति के पास जाएगा और समिति इस पर फैसला करेगी।
कोरोना पर पहले यह था नियम
आईपीएल में पहले यह नियम था कि अगर कोरोना के कारण कोई मैच नहीं हो पाता है तो इसका फिर से आयोजन किया जाएगा। अगर दूसरी बार भी मैच का आयोजन नहीं हो पाता है तो जो टीम अपने 11 खिलाड़ी मैदान में नहीं उतार पाएगी उसे हारा हुआ मान लिया जाएगा। इसके साथ ही विपक्षी टीम को दो अंक दे दिए जाएंगे।
डीआरएस के नियमों में भी बदलाव
आईपीएल में पहले एक पारी में एक डीआरएस मिलता था। कुल मिलाकर मैच में दोनों टीमों के पास चार डीआरएस होते थे। एक टीम के पास दो डीआरएस होते थे, जिनमें से एक बल्लेबाजी और एक गेंदबाजी के दौरान इस्तेमाल किया जा सकता था।
एक पारी में अब दो डीआरएस
सूत्रों के अनुसार अब एक पारी में दो डीआरएस होंगे। इसका मतलब है कि मैच में कुल आठ डीआरएस होंगे। एक टीम के पास चार डीआरएस होंगे। दो का इस्तेमाल बल्लेबाजी और दो डीआरएस का इस्तेमाल गेंदबाजी के दौरान किया जा सकेगा।इसका मतलब है कि एक डीआरएस बर्बाद होने पर भी टीमों के पास एक डीआरएस बचा रहेगा, जबकि पहले ऐसा नहीं था।
मांकड़िंग को रन आउट माना जाएगा
अब आईपीएल में भी मांकड़िंग को रन आउट की श्रेणी में माना जाएगा। अगर नॉन स्ट्राइक में खड़ा कोई बल्लेबाज गेंद फेंकी जाने से पहले क्रीज छोड़ देता है और गेंदबाज गिल्लियां बिखेर देता है तो उसे रन आउट माना जाएगा।
सुपर ओवर टाई होने पर अब यह नियम
अगर प्लेऑफ या फाइनल मैच टाई हो जाता है और सुपर ओवर नहीं हो पाता है तो अंकतालिका में ऊपर रहने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा। हालांकि, अधिकतर टाई मैचों में सुपर ओवर होता है और इसी के जरिए विजेता का ऐलान होता है। किसी सुपर ओवर के टाई होने की संभावना बेहद कम होती है।