आगरालीक्स… आगरा में स्वच्छता सर्वे से 48 घंटे पहले की तस्वीर, शहर की संसद नगर निगम में पार्षदों ने खाना खाया, जिस टेबल पर बैठे थे, उस पर झूठी प्लेट छोड दी, खाना भी बर्बाद किया। नगर निगम सदन के बाद के यह फोटो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे हैं। शहर को साफ सुथरा रखने के लिए लोगों ने जिन्हें चुना, वे खाना खाने के बाद डस्टबिन में प्लेट नहीं डाल रहे हैं।
बुधवार को आगरा के नगर निगम का पहला सदन था, मेयर नवीन जैन सहित 100 वार्ड के पार्षद सदन में पहुंचे। सदन कार्यकारिणी के लिए 12 सदस्य चुने गए। इसके बाद चर्चा हुई और लंच का समय हो गया। पार्षदों को उनकी टेबल पर ही अच्छे हलवाई की ब्रांड की खाने की थाली दी गई, पीने के लिए बोतल वाला पानी। पार्षदों ने अपनी टेबल पर ही खाना खाना शुरू कर दिया। जिन्होंने खाना खा लिया, वे अपनी प्लेट उसी टेबल पर छोडकर बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आधे से ज्यादा सदन में टेबल पर खाली प्लेट और गंदगी दिखाई देने लगी।
कुछ ने डस्टबिन में डाली प्लेट
इस बीच कुछ पार्षद ऐसे भी थे जिन्होंने अपनी प्लेट को अपनी टेबल पर नहीं छोडा वे प्लेट को हाथ में लेकर बाहर आए और डस्टबिन देखने लगे। उन्होंने अपनी प्लेट को डस्टबिन में डाल दिया।
सर्वे से पहले का हाल, फोटो हो रहे शेयर
देश के शहरों की स्वच्छता रैंकिंग के लिए आगरा में 20 जनवरी को सर्वे होना था, यह नगर निगम की जिम्मेदारी है लेकिन नगर निगम सदन का यह हाल है। इसके पफोटो कुछ देर बाद ही सोशल मीडिया पर शेयर होने लगे।
