आगरालीक्स.. आगरा के जिला अस्पताल में अपर मुख्य सचिव समीक्षा बैठक कर रहे थे और बाहर मरीज सरकारी विरोधी नारे लगा रहे थे। दवाएं न मिलने, अवैध वसूली करने पर मरीज भडक गए, अपर मुख्य सचिव शंभुनाथ शुक्ल ने मरीजों को बैठक में अंदर बुलाया और उनकी समस्याएं सुनी।
अपर मुख्य सचिव शंभुनाथ शुक्ल आगरा के दो दिन के दौरे पर आए हुए हैं, दूसरे दिन शनिवार सुबह 11 बजे जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां ओपीडी और इमरजेंसी का निरीक्षण किया। इसके बाद वे डीएम गौरव दयाल के साथ सीएमओ डॉ मुकेश वत्स, सीएमएस डॉ सुबोध कुमार आदर्श सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करने लगे। इसकी जानकारी मरीजों को लग गई, वे पर्चे लेकर सभा कक्षा के बाहर एकत्रित हो गए। हॉस्पिटल से दवाएं न मिलनें, बाजार की दवाएं लिखने, कुत्ता काटे के इंजेक्शन मरीजों से मंगाने के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सीएमएस डॉ सुबोध कुमार आदर्श ने मरीजों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे प्रदर्शन करते रहे।
जमकर नारेबाजी, वसूली के आरोप
मरीज सभा कक्षा के बाहर सरकारी के विरोध में नारेबाजी करने लगे, पुलिस ने नारेबाजी कर रहे युवकों को वहां से हटा दिया। इसके बाद महिला मरीजों को सभा कक्षा में अंदर ले गए, उन्होंने अपर मुख्य सचिव शंभुनाथ शुक्ल से दवाएं और कुत्ते काटने के इंजेक्शन न मिलने, पैथोलॉजी की जांच की रिपोर्ट तीन दिन बाद भी न देने के आरोप लगाए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को मरीजों की समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। मरीजों ने मेडिकोलीगल के लिए अवैध वसूली के भी आरोप लगाए।
सुधारी जा रही हैं व्यवस्थाएं
अपर मुख्य सचिव शंभुनाथ शुक्ल ने कहा कि व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है, जिला अस्पताल में अधिकांश सुविधाएं हैं, कार्डियोलॉजिस्ट सहित विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं हैं, उनकी नियुक्ति की जाएगी। साथ की दवाओं की आपूर्ति कंपनी के चलते हो रही है, इसे भी दूर किया जाएगा।
हरीपर्वत थाने का निरीक्षण, मैनहोल में बच्चे की मौत पर होगी कडी कार्यवाही
जिला अस्पताल से अपर मुख्य सचिव शंभुनाथ शुक्ल थाना हरीपर्वत पहुंचे, यहां समाधान दिवस पर फरियादियों की संख्या कम होने पर जवाब मांगा है, उन्होंने मैनहोल में बच्चे की मौत पर कडी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।