आगरालीक्स…आगरा में राणा सांगा और करणी माता के जयकारों से गूंज रही गढ़ी रामी. देखें फोटोज
राणा सांगा जयंती मनाने के लिए गढ़ी रामी में आज सुबह से सनातनी हिंदुओं की भीड़ उमड़ रही है। क्षत्रिय करणी सेना के शक्ति प्रदर्शन को देखते हुए आयोजन स्थल के चारों ओर पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। सम्मेलन स्थल पर सुबह दस बजे से वक्ताओं ने हुंकार भरना शुरू कर दिया। दोपहर बारह बजे करीब आयोजन स्थल पर जायजा लेने पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को युवाओं की भीड़ ने नारेबाजी करते हुए वापस लौटा दिया। इसके बाद अधिकारी सड़क पर धूप में खड़े रहे।
उत्साहित भीड़ की नारेबाजी और देशभर से आए लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंच संचालन संभाले क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने करणी माता की बार-बार सौगंध दिलाई। हिंदू सनातन सभा की अगुवाई में आयोजित रक्त स्वाभिमान सम्मेलन में क्षत्रिय करणी सेना ने संजय प्लेस आगरा में सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर तोड़फोड़ और लाठीचार्ज के दौरान 26 मार्च को घायल हुए दीपक आदि सभी कार्यकर्ताओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन स्थल पर भीड़ का लगातार आना जारी है।



