आगरालीक्स…अवैध असलाहों की तस्करी करने वाला गैंग दबोचा…ले रखी थी शादी का दबाव बना रही प्रेमिका की सुपारी…कई राज खुले…
थाना ताजगंज पुलिस व स्पेशल क्राइम टीम ने अवैध असलाहों की तस्करी करने वाले गैंग के तीन शातिरों को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में अवैध असलाह बरामद किए हैं. गिरफ्तार बदमाश एटा से कम दामों में अवैध असलाह खरीदते थे और उन्हें मोटा मुनाफा कमाने के लालच में अन्य जिलों व प्रदेशों में बेचा करते थे. बदमाशों ने एक युवक से उसकी प्रेमिका की सुपारी भी ले रखी थी जो कि शादी करने का दबाव बना रही थी.
जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की रात पुलिस और स्पेशल क्राइम टीम बैरियर लगाकर तोरा क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी. चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि अवैध असलाहों की तस्करी करने वाले गैंग के सदस्य अवैध असलाहों को बेचने की फिराक में 125 फुटा रोड थोन पार्टी वल्र्ड से शमसाबाद रोड की तरफ जाने वाले रास्ते पर खड़े हैं. इस पर पुलिस तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंची. पुलिस ने देखा कि पेड़ के सहारे डिवाइडर के पास चार व्यक्ति हाथों में थैला लिए खड़े हैं. पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को दबोच लिया. पकड़े गए बदमाशों के नाम फुरकान पुत्र दीन मोहम्मद निवासी कबीर कुंज आनंद नगर थाना जगदीशपुरा, फुरकान उर्फ हकला पुत्र एहसान निवासी 37/173 ए सैयद पाड़ा आलमगंज थाना लोहामंडी व रिजवान उर्फ भूरा पुत्र जमीन उर्फ गुड्डू निवासी 35/86 नौबस्ता थाना लोहामंडी हैं. एक बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर भाग जाने में कामयाब रहा. फरार बदमाश का नाम सोमू निवासी अलीगंज,एटा है.
गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने 27 देशी तमंचे नाजायज 315 बोर, 3 पिस्टल देशी 32 बोर, एक अदद देशी तमंचा 12 बोर, 24 अदद नाजायज कारतूस बरामद किए हैं. पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि हम एटा के कुछ लोगों से अवैध असलहे खरीदते हैं व अधिक लाभ कमाने के लिए अन्य लोगों को इनकी सप्लाई करते हैं. फुरकान पुत्र दीन मोहम्मद ने बताया कि लोहामंडी के आलमगंज में रहने वाले सेठ उर्फ फुरकान पुत्र चांद मोहम्मद ने अपनी प्रेमिका की उन्हें सुपारी दी है. प्रेमिका सेठ पर शादी करने का दबाव बना रही है और उसकी अन्य जगह शादी करने में बाधा बन रही है.