आगरालीक्स…(11 January 2022 Agra News) आगरा में एक युवक ने नये साल पर परिवार वालों को गिफ्ट में दिए थे मोबाइल….अब युवक को पुलिस ने कर लिया अरेस्ट…पढ़िए अजब चोर की गजब कहानी
21 मई को मोबाइल की दुकान से चोरी हुए थे 38 मोबाइल
आगरा में पुलिस ने एक मोबाइल चोर को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इसके पास से 26 मोबाइल भी बरामद किए हैं. पुलिस ने इसको जेल भेज दिया है. मामला मोबाइल चोरी से जुड़ा हुआ है. एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 21 मई 2021 को थाना लोहामंडी अंतर्गत जयपुर हाउस मार्केट में एक मोबाइल की दुकान में चोरी हुई थी. चोर ने पीछे की दीवार को काटकर दुकान के अंदर से 38 मोबाइल, चार्जर ओर पावर बैंक ले गए. इस मामले में थाना लोहामंडी में मुकदमा दर्ज किया गया है. सात महीने बाद पुलिस को इस मामले में सुराग मिला. इस आधार पर पुलिस ने अर्जुन सिंह निवासी नौबस्ता लोहामंडी को सोमवार रात को अरेस्ट कर लिया. पुलिस ने इसके पास से 26 मोबाइल भी बरामद किए हैं. इसके पास से एक तमंचा भी मिला है.

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने मोबाइल चोरी करने के बाद तुरंत चालू नहीं किए, क्योंकि उसे पकड़े जाने का डर था. सात महीने बाद उसे लगा कि अब शायद इस मामले को पुलिस भी भूल गई होगी और दुकानदार भी. नये साल पर उसने इनमें से कुछ मोबाइल अपने परिवार वालों को गिफ्ट में दे दिए और कई अपने परिचितों को सस्ते दामों में बेच दिए. एक मोबाइल वह खुद चलाने लगा. सिम डालते ही वह पुलिस के सर्विलांस में आ गए और पुलिस ने इसे अरेस्ट कर लिया.