
शनिवार (14 मई को) प्राविधिक शिक्षा परिषद के प्रमुख सचिव मुकुल सिंघल ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे एडीफाई पॉलीटेक्निक संस्थान, शहजादपुर पौडी फराह मथुरा के प्रिंसिपल सुशील कुमार गुप्ता ने प्राविधिक शिक्षा परिषद केसचिव एसके सिंह को फोन पर सूचना दी कि उनके यहां का सहायक परीक्षा केंद्र प्रभारी हृदेश सोलंकी एप्लाइड मैथ्स और एप्लाइड फिजिक्स का एक-एक पेपर लेकर फरार है। इस पर मथुरा के पीएमवी पॉलीटेक्निक के प्रिंसिपल एके पांडेय को जांच के लिए मौके पर भेजा गया। अपनी रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि दोनों विषयों के प्रश्नपत्र के बंडल की सील खुली हुई थी और एक-एक पेपर भी गायब था। इसके बाद फराह थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने आगरा के नटराजपुरम निवासी प्रिंसिपल सुशील गुप्ता और सहायक परीक्षा केंद्र प्रभारी हृदेश सोलंकी निवासी सेक्टर 6 डी आवास विकास कालोनी सिकंदरा आगरा को हिरासत में ले लिया है। परीक्षा केंद्र के स्थायी पर्यवेक्षक आरपी शुक्ला को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया। उनके स्थान पर राजकीय पॉलीटेक्निक टूंडला के प्रिंसिपल वीके मेहरोत्रा को नया स्थायी पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। परीक्षा की नई तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी।
गुरुवार को व्हाटस एप पर आ गया था पेपर
पॉलीटेक्निक फर्स्ट ईयर एप्लाइड फिजिक्स का प्रश्नपत्र भी गुरुवार रात को ही लीक हो गया था। व्हाट्सएप पर पेपर वायरल होने के बाद प्राविधिक शिक्षा परिषद ने यह परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया और परीक्षा केंद्रों से प्रश्नपत्रों के सीलबंद लिफाफे लखनऊ वापस मंगाए थे।
मथुरा के डीएम राजेश कुमार और एसएसपी डा. राकेश सिंह ने बताया कि एडीफाई इंस्टीट्यूट का मालिक आगरा में विजय नगर का रहने वाला है और आगरा के संजय प्लेस स्थित प्रतिष्ठित कोचिंग सेंटर का संचालक भी है। आशंका है कि कोचिंग के छात्रों को पेपर उपलब्ध कराने के लिए यह पेपर कालेज से लीक कराए गए हैं। इधर पुलिस ने एडीफाई इंस्टीट्यूट के प्रिंसिपल और शिक्षक के अलावा मामले में छह अन्य लोगों को भी पकड़ा है। इनमें कुछ छात्र भी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी से पूछताछ की जाएगी।
Leave a comment