मथुरालीक्स…बरसाना में राधारानी से पहले उनकी प्रधान सखी ललिता जी का मनाया जन्मोत्सव.. ‘राधे-राधे’ और ‘ललिता सखी की जय’ के लगे जयकारे…राधाष्टमी 31 को…सजने लगा बरसाना.
मथुरा का बरसाना इस समय अलौकिक रूप में सजा हुआ है. घर—घर खुशियां छाई हुई हैं. तैयारियां चल रही हैं अपनी लाडली जी राधारानी के जन्मोत्सव की. लेकिन इससे पहले आज राधारानी की प्रधान सखी ललिता जी का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनया गया. अटा अटोर पर्वत ‘राधे-राधे’ और ‘ललिता सखी की जय’ के जयकारों से गूंज उठा. सुबह से ही दूर दराज से श्रद्धालुओं का तांता ऊंचागांव पहुंचने लगा. दोपहर बारह बजे सेवायतों ने ललिता जी का पंचामृत से अभिषेक किया. घी, दूध, दही, शहद, बूरा, चंदन और पुष्पजल से अभिषिक्त श्रीविग्रह के दर्शन कर श्रद्धालु कृतार्थ हुए. पूरा पर्वत मंत्रोच्चार और बधाई गीतों से गूंज उठा. अभिषेक के बाद भक्तों ने आरती उतारी और आशीर्वाद पाया. राधा रानी जन्मोत्सव की तैयारियां जोरों परइधर बरसाना में राधा अष्टमी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. भाद्र मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि श्री राधा अष्टमी के रूप में मनाई जाती है, क्योंकि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण की शक्तिस्वरूपा श्री राधारानी का प्राकट्य हुआ था. इस वर्ष राधा अष्टमी 31 अगस्त को है.