आगरालीक्स…आगरा की रामबारात के फोटो देखिए. पुष्पवर्षा के बीच निकली ऐतिहासिक राम बारात, झांकियों ने मोहा मन….देखते ही रह जाएंगे फोटोज
“बरषहिं सुमन देव मुनि बृंदा, जय जय धुनि नभ मंडल गुंजा…” की भक्तिमय अनुभूति मंगलवार को आगरा की धरती पर साकार होती नजर आई। उत्तर भारत की ऐतिहासिक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध श्रीराम बारात जब रावतपाड़ा से निकली तो पूरा पुराना शहर प्रभु श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। कहीं पुष्पवर्षा हुई तो कहीं आरती की थाल सजी। छतों, दुकानों और मार्गों के दोनों ओर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ऐसा लगा मानो पूरा आगरा ही प्रभु श्रीराम की बारात का बाराती बन गया हो। श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत श्रीरामलीला कमेटी द्वारा निकाली गई इस भव्य राम बारात में धर्म, अध्यात्म, पौराणिक संस्कृति, भारतीय परंपरा, सामाजिक समरसता और देशभक्ति का अद्भुत संगम दिखाई दिया। 168 सवारियों से सजा राम बारात का विराट कारवां जिस मार्ग से गुजरा, वहां श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बनता चला गया।




