आगरालीक्स ..आगरा में जन्मजात कटे होंठ और तालू से पीडित 22 बच्चों का फ्री आपरेशन किया जाएगा। रोटरी क्लब ऑफ आगरा वेस्ट द्वारा जन्मजात कटे होंठ व तालू के मरीजों के लिए पुष्पांजलि हॉस्पिटल में निशुल्क शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 22 मरीजों का चयन ऑपरेशन के लिए किया गया। 16 सितम्बर से आवश्यक जांचों के बाद प्रतिदिन डॉ. गौरव महेश गुप्ता द्वारा 3-4 मरीजों के ऑपरेशन पूर्णतः निशुल्क किए जाएंगे। मरीजों व उनके परिजनों को इस मौके पर समस्या से बचाव के बारे में भी जानकारी दी गई।
शिविर का सुभारम्भ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया गया। क्लब के अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने बताया कि शिविर के अलावा अन्य दिनों में कटे होंठ व तालू की समस्या से पीड़ित मरीज पुष्पांजली अस्पताल व न्यू फेस क्लीनिक, देहली गेट पर निशुल्क ऑपरेशन के लिए सम्पर्क कर सकते हैं। ऑपरेशन जर्मन क्लेफ्ट डिल्ड्रन्स एड सोसायटी के सहयोग से कराए जाते हैं। अब तक क्लब द्वारा 3500 मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन किए जा चुके हैं। क्लब के सचिव डॉ. गौरव ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान मुख्यतः फोलिक एसिड की कमी या नफेक्शन के कारण यह समस्या हो सकती है। महिलाओं को फल व पत्तेदार सब्जियों का सेवन करना चाहिए। साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. पंकज नगायच, डॉ. गौरव महेश गुप्ता, अरुण सिंह, राजू डेनियल, डॉ. जगदीश गुप्ता, डॉ. अभिनव चतुर्वेदी, ललित श्रीवास्तव, पंकज सक्सेना, सुमित माथुर आदि उपस्थित थे।