आगरालीक्स… आगरा नगर निगम में डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को लेकर विवाद हो गया है, भाजपा विधायक ने प्रतिमा हटाने की मांग की है तो भाजपा से ही मेयर नवीन जैन ने आंबेडकर की प्रतिमा हटाए जाने से साफ इन्कार कर दिया है। उधर, विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने नगर निगम परिसर में लगी डॉ. भीमराव आंबेडकर की दो प्रतिमाओं में से एक हटाकर वहां पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाने की मांग की है। इस पर संस्कृति निदेशालय ने जिलाधिकारी और एसएसपी से रिपोर्ट मांगी थी।
आगरा से भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने 15 दिसंबर 2017 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा था कि नगर निगम परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की दो प्रतिमा लगी हैं। आंबेडकर की एक प्रतिमा को वहां से हटाकर अन्य किसी उपयुक्त स्थान स्थापित करने और उस स्थान पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की थी।
विधायक की इस मांग पर उप निदेशक, संस्कृति निदेशालय अजय कुमार अग्रवाल ने 24 अप्रैल 2018 को जिलाधिकारी और एसएसपी से रिपोर्ट मांगी थी। ये मामला सामने आने पर नगर निगम में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सदन में प्रस्ताव आएगा, उसके बाद ही आगे की कार्यवाही होगी। मेयर नवीन जैन ने परिसर में दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाने से स्पष्ट इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वे किसी तरह का विवाद नहीं चाहते हैं, पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा अन्य किसी उपयुक्त स्थान पर लगाई जाएगी।