आगरालीक्स… आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर दौडती बस में आग लग गई, बस को खडी कर लोग बाहर निकल आए, सामान निकालने लगे, कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गई और बस जलकर स्वाह हो गई। हादसे में जनहानि नहीं हुई है, बस में रखा कुछ सामान जल गया है।
सोमवार रात को नोएडा से लखनऊ के लिए महालक्ष्मी ट्रेवल्स की बस सवारियां लेकर निकली थी, यमुना एक्सप्रेस वे सुबह मथुरा के बलदेव क्षेत्र में माइल स्टोन 132 के पास बस से आग की लपटें उठने लगी, दौडती बस में आग लगने से ड्राइवर के होश उड गए। बस को यमुना एक्सप्रेस वे पर एक तरफ खडा कर दिया और सवारियों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद लोग अपना सामान निकालने लगे। कुछ ही देर में आग की लपटे तेज हो गई, लोगों के सामने ही बस जलकर स्वाह हो गई।
19 अप्रैल को हादसे में तीन की मौत
19 अप्रैल को 2018 में आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे में तीन की मौत, तेज स्पीड कार ने बाइक सवार तीन युवकों को चपेट में लिया, तीनों की ही मौत हो गई।
बुधवार रात को हरियाणा के पलवल जिले के गांव अमरोली निवासी सुनील (35) पुत्र राम प्रसाद, सुंदर (35) पुत्र किशनलाल और अमर सिंह (36) पुत्र ठाकुरलाल निवासी गदोखोर बाइक से दिल्ली से आगरा आ रहे थे। मथुरा के महावन थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस वे के माइल स्टोर 117 पर पीछे से आ रही कार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आया गया, यहां तीनों की मौत हो गई।
16 अप्रैल 2018 को तीन की मौत
16 अप्रैल 2018 को यमुना एक्सप्रेस वे आगरा से सवारियों को लेकर नोएडा के लिए प्राइवेट बस जा रही थी। बस के आगे सुरीर के गांव तेहरा निवासी राजेश ट्रैक्टर ट्रॉली से ईंटें नोएडा ले जा रहा था। टप्पल क्षेत्र में माइल स्टोन 54 के समीप पीछे से सवारियां लेकर आ रही प्राइवेट बस का टायर फट गया, अनियंत्रित बस आगे चल रहे ईंटों भरे ट्रैक्टर ट्रॉली में घुस गई।
मची चीख पुकार, तीन की मौत
भीषण हादसे के बाद चीख पुकार मच गई, हादसे में ट्रैक्टर चला रहा चालक राजेश (25) पुत्र भूरा निवासी गांव तेहरा की मौत हो गई, बस में सवार दो यात्रियों की भी मौत हुई है। वहीं हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे बीनू निवासी तेहरा सहित एक दर्जन लोग गंभीर घायल हैं।
31 मार्च को हादसे में मौत
31 मार्च 2018 को आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर कार के डिवाइडर के टकराने से भीषण हादसे में दो की मौत, घायलों की हालत गंभीर है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यमुना एक्सप्रेस वे पर कार डीएल 14 सीसी 3783 शुक्रवार रात नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। देर रात यमुना पार क्षेत्र में माइल स्टोन 107 के समीप टायर फटने से अनियंत्रित हो गई, तेज स्पीड कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। भीषण हादसे के बीच चीख पुकार मचने पर यमुना एक्सप्रेस वे कर्मी, पुलिस और स्थानीय लोग पहुंच गए। कार में फंसे लोगों को बमुश्किल बाहर निकाला जा सका।
वाहन से कुचले बेहोश यात्री
हादसे के बाद 17 वर्षीय रुचि 17 वर्ष पुत्री राजेश राठी लक्ष्मीनगर दिल्ली कार से बाहर सडक पर गिर गई, वह बेहोश थी। इसी बीच पीछे से आए वाहन ने उन्हें कुचल दिया, उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोट आई और कुछ ही देर में मौत हो गई। वहीं हादसे में कार चालक कुंवर सिंह की भी मौत हो गई है। हादसे में यात्रिका एवं मीना राठी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे पुलिस और एक्सप्रेस वे कर्मियों ने मृतकों को शव पोस्टमार्टम भेजे हैं।
यमुना एक्सप्रेस वे पर 700 से अधिक की सडक हादसे में मौत
आगरा से नोएडा ढाई से तीन घंटे में पहुचाने वाले खूनी यमुना एक्सप्रेस वे पर 4905 रोड एक्सीडेंट में 705 लोगों की अभी तक मौत हो चुकी है। एम्स के तीन डॉक्टरों की मौत के साथ ही कारोबारी के बेटे से लेकर साइकिल सवार भी हादसे का शिकार हो चुके हैं।
आगरा से नोएडा तक कम समय में हाई स्पीड से पहुंचाने के लिए 15 अगस्त 2012 में यमुना एक्सप्रेस वे का उदघाटन हुआ था। इसके बाद से ही हाईवे पर हादसे होने लगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 2012 से 2018 तक 4,900 सड़क हादसे हुए हैं। सड़क हादसों में 8,205 लोग चपेट में आए और 7,500 लोग घायल हुए।