
मथुरा के गोविंद नगर क्षेत्र निवासी इरशाद अपने पड़ोस की युवती से इकतरफा प्यार करता था। वह युवती से शादी के लिए दबाव बना रहा था। वह शादी का प्रस्ताव लेकर भी पहुंच गया, घर वालों ने इंकार कर दिया। इसके बाद भी वह माना नहीं और परिजनों को धमकाता रहा। इसी बीच 11 जुलाई को युवती की शादी राजस्थान के धौलपुर जिले में तय कर दी थी। दो महीने बाद शादी थी। इसके बाद से इरशाद युवती के परिजनों को लगातार धमका रहा था।
गुरुवार रात को इरशाद तेजाब की शीशी लेकर युवती के मकान की छत पर चढ़ गया। छत पर युवती, उसकी मां, बहन और भाई चादर ओढ़कर सोए हुए थे। उसने युवती को पहचानने के लिए चादर हटाई। पीड़िता के परिवारीजनों के अनुसार युवती जाग गई, वह इरशाद के सामने गिड़गिड़ाई लेकिन उसने तेजाब डाल दिया। मां और बहन बचाव को दौड़ीं तो उन पर भी तेजाब डाल दिया। तीनों गंभीर रूप से झुलस गईं। भाई ने विरोध किया तो इरशाद ने उसे छत से धक्का दे दिया। इससे भाई के पैर में चोट आई है।
शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो वो भाग गया। सूचना पर गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई और तेजाब से झुलसी मां, दोनों बेटियों को जिला अस्पताल लेकर आई। मां और युवती की हालत गंभीर होने पर दोनों को आगरा एसएन मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। पुलिस ने दबिश देकर इरशाद को गिरफ्तार कर लिया है। युवती के पिता ने थाना गोविंद नगर क्षेत्र में इरशाद, इरशाद की मां सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी ने कहा है कि महिला संबंधी अपराध और उसमें भी एसिड अटैक गंभीर अपराध है। इसमें आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment