आगरालीक्स…(31 October 2021 Agra News) आगरा में त्योहार की खुशियां लाया रविवार. सुबह से बाजारों में जमकर हुई खरीददारी. कपड़ा मार्केट, ज्वेलर्स और सजावट के सामानों की जबर्दस्त बिक्री
खुशियां लेकर आया रविवार
आगरा में रविवार को जमकर शॉपिंग हुई. सुबह से लेकर शाम तक मार्केट्स गुलजार दिखाई दिए. देर रात तक कस्टमर्स मार्केट में आते रहे. दिवाली त्योहार से पहले आखिरी रविवार दुकानदारों के लिए खुशियां लेकर आया. छुट्टी का दिन होने के कारण सुबह से ही मार्केट्स में भीड़ लगी रही. कपड़ा मार्केट हो या फिर ज्वेलर्स या फिर सजावट के सामान, हर दुकान पर कस्टमर दिखाई दिए. बाजारों में भी खूब रौनक दिखाई दी.
सबसे ज्यादा इन पर रही भीड़
रविवार को सबसे ज्यादा कपड़ा मार्केट में भीड़ रही. दिवाली पर नये कपड़े पहनने के लिए लोग रविवार को सुबह से ही शॉपिंग के लिए निकल पड़े. छुट्टी होने के कारण फैमिलीज अधिक दिखाई दीं. शहर का सिंधी बाजार हो या फिर सुभाष बाजार, कमला नगर, राजा की मंडी, न्यू आगरा, सदर, कमला नगर, बिजलीघर पर सबसे ज्यादा लोगों की भीड़ दिखाई दी. यही शहर के एमजी रोड, संजय प्लेस, सदर स्थित शोरूम पर भी दिनभर खरीदारों की भीड़ दिखाई दी.
कपड़ा के अलावा सजावट के सामानों की भी रविवार को खरीददारी की गई. शहर के लुहारगली में तो भीड़ काफी अधिक देखी गई. यहां सजावट का सामान खरीदने में सबसे ज्यादा महिलाएं दिखाई दीं. इसबार मार्केट्स में डेकोरेटेड फूल, रंगोली, शुभ—लाभ आदि खरीदे गए. रविवार को शहर के ज्वेलर्स पर भी अच्छा रिस्पांस देखने को मिला. एमजी रोड स्थित ज्वेलर्स शोरूम हो या फिर किनारी बजार स्थित आभूषणों की दुकानें, खरीददार दिखाई दिए. हालांकि अधिकतर लोग धनतेरस पर आभूषण खरीदने का प्लान बना चुके हैं.