आगरालीक्स… आगरा के ताज महोत्सव में पालीवाल पार्क में होने वाले कार्यक्रम उमंग में भारतीय संस्कृति के विभिन्न रंग बिखरेंगे। 24 व 25 मार्च को पालीवाल पार्क में ताजमहोत्सव के तहत आयोजित होने जा रही सुरमयी शाम में एक ओर जहां राजस्थान, पंजाब व बृज की संस्कृति नजर आएगी वहीं दूसरी ओर वॉलीबुड का तड़का लगाकर सुरमयी आवाज से माहौल को सुरों के सतरंगी रंगों से सजाएंगे अल्तमश फरीदी।
कार्यक्रम स्थल पालीवाल पार्क स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में उमंग आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 25 मार्च की शाम बाजीराव मस्तानी व गुंडे जैसी फिल्मों में अपनी आवाज का जादू बिखेर चुके अल्तमश फरीदी के नाम होगी। वहीं 24 मार्च को राजस्थान के वाडमेर, पंजाब के जालंधर व बृज के वृंदावन की मंडलियां फोक डांस की प्रस्तुति देकर भारत के विभिन्न प्रांतों की संस्कृति रे रंग बिखेरेंगी। 24 मार्च को कार्यक्रम का उद्घाटन मंडलायुक्त व 25 को आईजी व जिलाधिकारी करेंगे। दोनों दिन कार्यक्रम शाम 6.30 बजे शुरु होगा।
बताया कि शहर के बीच स्थित पालीवाल पार्क में ताज महोत्सव के तहत कार्यक्रम करने का उद्देश्य उन लोगों को शहर के इस बड़े आयोजन से जोड़ना है, जो किसी कारणवश शिल्पग्राम तक नहीं पहुंच पाते। दोनों दिन कार्यक्रम में कोई प्रवेश शुल्क नहीं होगा। प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संजय प्लेस स्थित कॉसमास माल में भी किया जाएगा। कार्यक्रम में आलोक आर्य, कौशल गर्ग, कृष्ण अग्रवाल, रजनी अग्रवाल, सुदर्शन दुआ, प्रमोज यादव, सिद्धार्थ, राघव शर्मा आदि उपस्थित थे।
Leave a comment