आगरालीक्स.. ईदगाह बस स्टैंड चौराहे पर मंगलवार तड़के एक निजी ट्रेवल्स की बेकाबू बस ने शेरावाली माता देवी मंदिर में टक्कर मार दी। इससे मंदिर का अगला हिस्सा ध्वस्त हो गया। गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। पुलिस ने आऱोपी चालक को हिरासत में लिया है।
मंदिर के महंत ने भागकर जान बचाई
मंगलवार सुबह एक निजी ट्रेवल्स कंपनी की बस राजस्थान से यात्रियों को लेकर ईदगाह आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शिय़ों के मुताबिक करीब पांच बजे तेज रफ्तार बेकाबू बस ने मंदिर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मंदिर का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। मंदिर के महंत शेर सिंह ने किसी तरह भागकर जान बचाई।
गुस्साए लोगों ने लगाया जाम-हंगामा
आरोप है कि चालक नशे में था। बाद में हिंदू महसभा और गुस्साए लोगों ने हंगामा कर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस को इस संबंध में तहरीर भी दी गई है।