आगरालीक्स…कश्मीर में आतंकी हमले का असर, वैष्णो देवी में हर दिन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हुई आधे से भी कम. रेलवे स्टेशन भी खाली और बस स्टैंड भी. यात्रा बुकिंग पर 40 प्रतिशत तक की गिरावट
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी घटना और उसमें मारे गए 26 पर्यटकों की मौत ने राज्य के टूरिज्म कारोबार को झकझोर कर रख दिया है. अप्रैल से लेकर जून तक भारी संख्या में लोग कश्मीर घूमने के लिए जाते हैं लेकिन आतंकी घटना के बाद कश्मीर लगभग खाली सा हो गया है. 90 प्रतिशत तक बुकिंग एक ही दिन में कैंसिल हो गईं, इसके अलावा जो पर्यटक उस समय कश्मीर में थे या जाने वाले थे वो भी वापस हो गए.वैष्णो देवी यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की संख्या हुई कम
कश्मीर की वादियां ही नहीं बल्कि मां वैष्णोदेवी के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी काफी कमी आई है. सामान्य दिनों में देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए आते थे लेकिन सुरक्षा को लेकर फैली आशंकाओं के चलते बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं का आगमन काफी कम हो गया है. अभी तक इन दिनों में हर रोज 40 हजार श्रद्धालु माता रानी के दरबार में जाते थे, वो संख्या अब घटकर 20 हजार से भी कम रह गई है. शनिवार को ही 18 हजार 600 श्रद्धालु भव की ओर पहुंचे.
पर्यटन कारोबार चरमराया
यात्रियों की घटती संख्या के कारण कटड़ा में होटल संचालकों, ट्रैवल एजेंट्स और स्थानीय दुकानदारों के अनुसार पिछले कुछ दिनो से यात्रा बुकिंग में 40 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई है. कटड़ा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी पहले जैसी भीड़ नजर नहीं आ रही है. वहीं होटल और लॉज में भी कमरे खाली हैं. कारोबारियों की मानें तो अब केवल पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के श्रद्धालु ही मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं जबकि इन दिनों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के श्रद्धालु भी माता रानी के दरबार में अधिक संख्या में पहुचंते थे.