आगरालीक्स…(14 February 2022 Agra News) आगरा में वेलेंटाइन डे पर तीन युवकों की मौत. तीनों गुलाब बेचने के लिए जा रहे थे मध्यप्रदेश..हादसे के बने शिकार…
आगरा के रहने वाले तीन युवक वेलेंटाइन डे पर एक सड़क हादसे का शिकार हो गए. तीनों गुलाब बेचने के लिए मध्यप्रदेश के लिए ट्रक से जा रहे थे. ट्रक में लोहे की सिल्ली थीं, ब्रेकर लगने पर वह खिसककर तीनों के ऊपर जा गिरी जिससे तीनों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में एक युवक घायल भी हुआ है जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है.

हादसा रविवार देर रात को ग्वालियर के डबरा के समीप हुआ है. बताया जाता है कि आगरा के थाना सैंया क्षेत्र में रहने वाले टिंकू कुशवाह निवासी कुकावर, सोनपाल और चंदन सिंह गुलाब की खेती करते हैं. इनके साथही गांव के ही करतार और कन्हैया भी गुलाब की खेती करते हैं. बताया जाता है पांचों रविवार रात को गुलाब बेचने के लिए मध्य प्रदेश के सिवनी के लए रवाना हुए. इसके लिए पांचों एक ट्रक में सवार हुए जिसमें लोहे की सिल्ली लदी हुई थीं.
ब्रेक लगने पर हुआ हादसा
ग्वालियर डबरा के पास एक स्पीड ब्रेकर पर ट्रक के ब्रेक लगे तो अचानक लोहे की सिल्ली खिसककर गिर गईं और उसके नीचे टिंकू, चंदन और सोनपाल दब गए. तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. करतार घायल हो गया जबकि आगे बैठे होने के कारण कन्हैया बच गया. हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनां को सूचना दी. सोमवार शाम करीब चार बजे शव सैंया के गांव रामपुरा पहुंचे. देर शाम को तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया.