अलीगढ़लीक्स… अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष का इतिहास टाइम कैप्सूल में रखा गया है। एएमयू के शताब्दी वर्ष के मौके पर गणतंत्र दिवस पर टाइम कैप्सूल को विक्टोरिया गेट के सामने पार्क में तीस फीट गहरा गड्ढा खोदकर दबाया जाएगा। टाइम कैप्सूल में सन् 1877 से लेकर 2020 तक के एएमयू के इतिहास को समेटा गया है। एएमयू कुलपति सुबह 11 बजे इस कार्य को अंजाम देंगे।
पांच सौ साल तक रहेगा सुरक्षित
टाइम कैप्सूल को तैयार करने वाली कमेटी के प्रमुख और एएमयू के इतिहास के जानकार डा.राहत अबरार ने बताया कि टाइम कैप्सूल को अगले 500 वर्षों के लिए तैयार किया गया है। इस दौरान टाइम कैप्सूल को कोई नुकसान नहीं पहुंचे, उसके लिए कैप्सूल को स्टील की बाहरी परत को विशेष कोटिंग की गई है।
डिकोड करने में नहीं होगी परेशानी
साथ ही पांच सौ साल बाद इसे खोला जाए तो कैप्सूल को डिकोड करने में किसी तरह की समस्या नहीं आए। कैप्सूल में जो भी सामग्री रखी गई है, वह प्रिटेंड अवस्था में है। कैप्सूल में स्कूल की स्थापना से लेकर कालेज और विश्वविद्यालय बनने तक के सफर से लेकर सौ वर्ष में होने वाले विषय़ों का जिक्र है। साथ ही विवि की उपलब्धि, देश-दुनिया में योगदान, दुनिया में फैले पूर्व छात्र आदि का जिक्र है।