आगरालीक्स…दुखद, 34 घंटे बाद कुएं से निकली रिहांश का निर्जीव शरीर. 50 फीट गहरे कुएं में गिरा था मासूम. सेना के गोताखोरों ने निकाला
आगरा के किरावली थाना क्षेत्र के गांव बाकंदा खास में 50 फीट गहरे कुएं में गिरे रिहांश का शव 34 घंटे बाद बरामद हुआ है. शुक्रवार सुबह 11 बजे 6 साल का रिहांश खेलते समय कुएं में गिर गया था. पुलिस, नगर निगम, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ द्वारा लगातार बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू किया जा रहा था. शाम को सेना के पहुंचने के बाद फिर से रेस्क्यू किया गया और रात 9 बजे बच्चे का शव कुएं से बरामद किया गया. बच्चे का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया. हर किसी की आंखें नम नजर आईं.
ये है मामला
बाकंदा खास में किसान रामगोपाल रहते हैं. इन्होंने खेत में आलू की फसल की है. शुक्रवार सुबह 11 बजे वह खेत पर काम करने के लिए आए थे, साथ ही उनका छोटा बेटा पांच साल का रिहांश उर्फ सत्तू भी आ गया. रामगोपाल खेत में काम कर रहे थे तभी रिहांश खेलते—खेलते दूसरे खेत में बने कुएं के पास पहुंच गया. यहां रिहांश का पैर फिसल गया और कुएं में गिर गया. पिता की ये देखते ही चीख निकल गई. परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण खेत पर पहुंच गए और सभी अपनी—अपनी तरफ से प्रयास करने लगे. सूचना पर प्रशासन के अलावा नगर निगम की बचाव टीम भी पहुंच गई. पुलिस भी आ गई. पंप और ट्रैक्टरों की मदद से कुएं का पानी लगातार निकाला जा रहा है. कहा जा रहा है कि कुएं से पानी निकालने के बाद वह जवान नीचे उतरे लेकिन पानी फिर से ऊपर उफान मार रहा था. इस वजह से वह पानी में नहीं उतर पा रहे. शाम को सेना के पहुंचने के बाद फिर से रेस्क्यू किया गया और रात 9 बजे बच्चे का शव कुएं से बरामद किया गया