आगरालीक्स …आगरा में वाणिज्य कर अधिकारी बनकर बदमाशों ने ट्रक लूट लिया, ट्रक में चांदी, कपडे, जूते के साथ ही करीब 50 लाख का सामान था, बदमाश ट्रक ड्राइवर को एत्माउददौला में फेंक कर भाग गए। ट्रक शाहदरा में खडा मिला, उसमें 50 फीसद से अधिक माल था।
शनिवार रात साढे नौ बजे ट्रक ड्राइवर मोहनगंज, अमेठी निवासी रामू मिश्रा ने सिकंदरा में कोरियर कंपनी से 265 पैकेट पार्सल के उठाए। माल उसे मथुरा और नोएडा में छोड़ना था। रुनकता के पास एक सफेद बोलेरो ने ओवरटेक करके उसे रोक लिया। गाड़ी से चार युवक बाहर निकले। उसे नीचे उतारा। कागज दिखाने को कहा, उसे बताया कि गाड़ी में वाणिज्य कर अधिकारी बैठे हैं।
ट्रक में बैठ गए बदमाश
वह कागज लेकर आया, बदमाशों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। बोलेरो में डाल लिया। कुछ बदमाश ट्रक में सवार हो गए। बदमाशों ने बोलेरो में उसके हाथ-पैर बांध और मुंह बांधकर पैरों के नीचे दबा लिया। तीन घंटे तक बदमाश उसे गाड़ी में घुमाते रहे। बाद में ट्रांसयमुना कालोनी के पास सर्विस रोड पर फेंक दिया। जैसे-तैसे उसने हाथ-पैर खोले। एक राहगीर की मदद से 100 नंबर पर फोन किया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। रात को दो बार पुलिस पेट्रोलिंग की गाड़ी सायरन बजाते हुए वहां से गुजरी थी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश सायरन सुनकर भाग गए। पूरा माल नहीं ले जा सके। इस कारण माल बच गया।