आगरालीक्स …आगरा में बीई कर रहे छात्र ने युवती के फेसबुक मैसेंजर पर अश्लील फोटो भेज एक लाख रुपये मांगे, फिल्मी स्टाइल में एक लाख रुपये से भरे बैग को जवाहर पुल से नीचे फेंकने को कहा, एक युवक बैग उठाने आया। युवती के साथ आए उसके दोस्तों ने उसे पकड लिया। पकडे गए युवक ने बताया कि बीई के छात्र ने युवती को ब्लैकमेल करने के लिए जाल बिछाया था, वह युवती के दोस्त का साथी है। युवती के दोस्त के मोबाइल से फोटो लिए थे और उसे ब्लैकमेल करने की प्लानिंग कर ली।
10 मई को आगरा के लोहामंडी क्षेत्र की रहने वाली युवती के फेसबुक पर पूजा नाम की आईडी से मैसेंजर पर मैसेज आया, हेलो हाय होने के बाद पूजा की फेसबुक आईडी से युवती के अश्लील फोटो भेजे गए। इससे युवती डर गई, उससे मैसेंजर पर कहा कि एक लाख रुपये दे दो नहीं तो फोटो वायरल कर दिए जाएंगे, कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहोगी।
फिल्मी स्टाइल में एक लाख रुपये मांगे
युवती को एक लाख रुपये लेकर 11 मई को लोहामंडी चौराहे बुलाया। युवती पहुंची, कुछ मिनट बाद टीडीआई, फतेहाबाद रोड आने का मैसेज मोबाइल पर आया। युवती वहां पहुंच गई। उस स्थान पर भी कोई नहीं आया। वहां से लौट कर युवती ने थाना लोहामंडी में शिकायत कर दी।
जवाहर पुल से बैग फेंकते ही पकडा युवक
युवती ने अपने दोस्तों को भी जानकारी दी, 12 मई को युवती के पास मैसेज आया, उसमें लिखा कि एक लाख रुपये लेकर रामबाग चौराहे पर आना है। युवती आॅटो से रामबाग चौराहे पहुंची।आॅटो के पीछे बाइक से उसके दोस्त चल रहे थे। युवती मैसेंजर से अपने दोस्तों के संपर्क में थी। ब्लैकमेलर ने रामबाग चौराहे से वाटर वर्क्स चौराहे बुलाया गया। वहां से पैदल जवाहर पुल पर चलने को कहां गया। जवाहर पुल पर युवती के पहुंचने पर बैग नीचे फेंकने का मैसेज भेजा गया। युवती ने दोस्तों को मैसेज फोरवर्ड कर दिया, दोस्त पुल के नीचे पहुंच गए। बैग को उठाने एक युवक पहुंचा। उसे दोस्तों ने दबोच लिया। थाना एत्मादुद्दौला पुलिस के हवाले कर दिया। एत्मादुद्दौला पुलिस ने आरोपी को थाना लोहामंडी भेज दिया। उसने बताया कि यह साजिश बल्केश्वर में रहने वाले युवक की थी। वह बीई कर रहा है। पुलिस ने दो और युवक पकड़ लिये। उनका एक साथी फरार है।