आगरालीक्स…(19 July 2021 Agra News) आगरा में सड़क पर दौड़ती एंबुलेंस में जन्मे जुड़वां बच्चे. एंबुलेंस में एक बेटा और बेटी का जन्म. दोनों बच्चे और मां सुरक्षित…
खेरागढ़ से लेडी लॉयल आ रही थी एंबुलेंस
आगरा में सोमवार को एंबुलेंस कर्मचारियों की सूझबूझ के साथ एंबुलेंस में ही महिला का प्रसव कराया. महिला ने दो सुंदर बच्चों को जन्म दिया और दोनों बच्चे व मां तीनों स्वस्थ हैं. इन्हें आगरा के लेडी लॉयल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. खेरागढ़ ब्लॉक की रहने वाले श्रीराम की पत्नी सपना गर्भवती थी. सोमवार को अचानक सपना को प्रसव पीड़ा हुई तो इस पर परिजन उसे तुरंत 102 एंबुलेंस से खेरागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. बताया जाता है कि यहां पर चिकित्सकों ने महिला को लेडी लॉयल के लिए रेफर कर दिया.
तेहरा के पास करवाया प्रसव
इस पर परिजन एंबुलेंस से ही महिला को लेडी लॉयल ले जाने के लिए निकल पड़े. आगरा ग्वाालियर हाइवे स्थित तेहरा पर अचानक महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी. इस पर एंबुलेंस कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय दिया. एंबुलेंस में मेडिकल टेक्नीशियन रत्नेश कुमार ने सुरक्षित प्रसव करवाया. महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया. इनमें एक बेटा व एक बेटी है. जच्चा और बच्चा दोनों ही सुरक्षित हैं. बाद में इनहें लेडी लॉयल में भर्ती कराया गया है.