यूपीलीक्स ….यूपी बोर्ड का 12 वीं का इंग्लिश का पेपर लीक होने पर डीआईओएस निलंबित, आगरा सहित 24 जिलों में पेपर निरस्त, दोषियों के खिलाफ एनएसए के तहत होगी कार्रवाई।
बुधवार दोपहर दो बजे से यूपी बोर्ड 12 वीं का इंग्लिश का पेपर था, इससे पहले ही पेपर लीक हो गया। इससे पहले मंगलवार शाम को बलिया में यूपी बोर्ड 12 वीं का अंग्रेजी का पेपर वायरल हो गया। इसके बाद बलिया के डीएम ने इंटरमीडिएट की इंग्लिश की परीक्षा निरस्त करने की संस्तुति की थी। माध्यम शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा जारी बयान के अनुसार इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की सीरीज 316 ईडी और 316 ईआई के प्रश्नपत्र प्रकटन की आशंका में आगरा सहित 24 जिलों में परीक्षा निरस्त कर दी गई है।

इन जिलों में परीक्षा की गई निरस्त
पेपर लीक होने पर बलिया, एटा, बागपत, बंदायू, सीतापुर, कानपुर देहात, ललितपुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, गोंडा, आजमगढ़, आगरा, वाराणसी, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, शामली, शाहजहांपुर, उन्नाव, जालौन, महोबा, आंबेडकर नगर और गोरखपुर में पेपर निरस्त कर दिया गया है।
डीआईओएस निलंबित
पेपर लीक प्रकरण में मंत्री गुलाब देवी के निर्देश पर बलिया के डीआईओएस ब्रजेश कुमार मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।